सचल दल की हर गतिविधि पर होगी मुख्यालय की नजर
0 जांच में लगे अफसरों की गाड़ियां आरएफआईडी डिवाइस से हो रहीं लैस
0 सेंट्रल सरवर से जुड़ी होगी डिवाइस, अफसरों की लगातार होगी निगरानी
इलाहाबाद। राज्य वस्तु एवं सेवा कर (वाणिज्य कर) विभाग के सचल दल एवं विशेष अनुसंधान शाखा (एसआईबी) के अधिकारी व्यापारियों के माल की जांच मनमाने तरीके से नहीं कर सकेंगे। अफसर कहां जा रहे हैं, कहां कार्रवाई हो रही है, इसकी पूरी जानकारी मुख्यालय को हर वक्त मिलती रहेगी। ऐसा इसलिए कि सचल दल और एसआईबी के अफसरों को गाड़ियों में अब आरएफआईडी डिवाइस लगी होगी और यह सेंट्रल सरवर से जुड़ा होगा, जिसके जरिए अफसरों की हर गतिविधि पर सीधे नजर रखी जा सकेगी।
गाड़ियों में लोड होकर आने वाला माल हो या फिर व्यापारियों के प्रतिष्ठानों, गोदामों की जांच, करापवंचन के नाम पर सचल दल और एसआईबी के अधिकारी मनमाने तरीके से कार्रवाई करते थे। जांच के नाम पर व्यापारियों का उत्पीड़न और वसूली आम बात थी लेकिन जीएसटी में पूरी व्यवस्था ऑनलाइन होने के बाद सचल दल एवं एसआईबी की कार्रवाई में भी बड़ा परिवर्तन किया गया है। इसके साथ ही जीएसटी लागू होने के बाद से रोकी गई जांच की कार्रवाई को प्रारंभ करने का भी निर्देश जारी हो गया है।
बदली व्यवस्था के तहत जांच कार्रवाई में लगने वाले वाहनों की ट्रेकिंग, मोबाइल ट्रेकिंग, आरएफआईडी, हैंडहेल्ड डिवाइसेस से लैस किया जा रहा है। इस संबंध में एडिशनल कमिश्नर मुख्यालय आंजनेय कुमार सिंह ने सभी जोनल एडिशनल कमिश्नरों को निर्देश जारी किया है। इसमें कहा गया है कि जोन के बार्ड पर सचल दल को प्रभावकारी किया जाए और बार्डर एरिया के गोदामों की जांच शुरू की जाए। प्रतिदिन की कार्रवाई से मुख्यालय को भी अवगत कराया जाए।