पीसीएस के लिए दोबारा दो हजार से भी कम आवेदन
0 कम निकली सीसैट से प्रभावित प्रतियोगियों की संख्या
अमर उजाला ब्यूरो
इलाहाबाद।
पीसीएस प्रारंभिक परीक्षा 2017 में शामिल होने के लिए सीसैट से प्रभावित दो हजार से भी कम अभ्यर्थियों ने आवेदन किया। आवेदन की अंतिम तिथि नौ जून निर्धारित थी। आवेदन की प्रक्रिया पूरी होने के बाद अभ्यर्थियों को अब परीक्षा तिथि घोषित होने का इंतजार है।
प्रदेश सरकार की गत 11 अप्रैल को हुई कैबिनेट बैठक में सीसैट से प्रभावित अभ्यर्थियों को पीसीएस में दो अतिरिक्त अवसर दिए जाने का निर्णय हुआ था। तय हुआ था कि सीसैट से प्रभावित प्रतियोगियों को पीसीएस प्रारंभिक परीक्षा-2017 में शामिल किया जाएगा। पहले यह परीक्षा 21 मई को प्रस्तावित थी, लेकिन इस निर्णय के बाद परीक्षा तिथि टाल दी गई। यह निर्णय आने से पहले पीसीएस प्रारंभिक परीक्षा के लिए ऑनलाइन आवेदन मांगे गए थे, जिसके तहत अंतिम तिथि 27 मार्च तक चार लाख 57 हजार अभ्यर्थियों ने आवेदन किए थे। 11 अप्रैल को कैबिनेट की बैठक का निर्णय आने के बाद सीसैट से प्रभावित अभ्यर्थियों के लिए पीसीएस प्रारंभिक परीक्षा-2017 में आवेदन के लिए पुनर्विज्ञापन निकाला गया। आवेदन की तिथि नौ मई से नौ जून तक निर्धारित की गई। अंतिम तिथि तक दो हजार से भी कम अभ्यर्थियों से आवेदन किए, जबकि अनुमान लगाया जा रहा था कि प्रदेश में सीसैट से प्रभावित अभ्यर्थियों की संख्या 40 हजार के आसपास होगी, लेकिन आवेदन करने वालों की संख्या बहुत कम निकली। प्रतियोगियों को अब 400 पदों के लिए होने वाली पीसीएस प्रारंभिक परीक्षा की तिथि घोषित होने का इंतजार है। आयोग के सूत्रों का कहना है कि सितंबर के पहले हफ्ते में परीक्षा कराई जा सकती है। आयोग के सचिव अटल कुमार राय का कहना है कि जल्द ही बैठक होगी, जिसमें परीक्षा तिथि निर्धारित की जाएगी।