कोटवा बनी में कोरोना वायरस के मरीजों के लिए बने विशेष वार्ड की 500 मीटर की परिधि का इलाका रोजाना सैनिटाइज किया जाएगा। वार्ड के सामने से जाने वाले सहसों मार्ग को सीज करके आवागमन पूरी तरह से प्रतिबंधित कर दिया गया है।
कोटवा बनी सामुदायिक चिकित्सा केंद्र को विशेष वार्ड के रूप में विकसित किया गया है। वहां कोरोना पॉजिटिव नौ मरीज भर्ती हैं। डीएम भानु चंद्र गोस्वामी ने शुक्रवार को सीएमओ जीएस वाजपेई के साथ अस्पताल का निरीक्षण किया।
उन्होंने पूरे इलाके को सीज करने के साथ सीसीटीवी कैमरे लगाने का भी निर्देश दिया। उन्होंने यह भी कहा कि चिकित्सीय टीम के कपड़ों की धुलाई यहीं की जाए। इसके लिए सीएचसी के पास ही वाशिंग मशीन लगाने का निर्देश दिया। डीएम ने कहा कि वार्ड का कोई स्टाफ बाहर नहीं जाएगा और न ही बाहर का कोई व्यक्ति अस्पताल के आसपास दिखना चाहिए। उन्होंने अन्य आवश्यक निर्देश भी दिए।
कठिन परिस्थितियों के लिए रहें तैयार
जिला स्वास्थ्य समिति की शुक्रवार को हुई बैठक में कोरोना वायरस के बढ़ते खतरे और इससे बचाव की तैयारियों पर चर्चा हुई। इसके मद्देनजर प्रयागराज विकास के भवन को क्वारंटीन सेंटर के रूप में विकसित करने करने पर विचार किया गया। डीएम भानु चंद्र गोस्वामी का कहना था कि इसमें 200 सिंगल रूम सेट हैं।
उन्होंने उसमें फर्नीचर आदि लगाने की बात कही। डीएम ने चिकित्सीय टीम तथा अन्य विभागों के स्टॉफ को सुरक्षा के मद्देनजर आवश्यक वस्तुएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने वेंटिलेटर आदि की उपलब्धता पर भी चर्चा की और जरूरी कदम उठाने की बात कही। बैठक में मोतीलाल नेहरू मेडिकल कालेज के प्राचार्य डॉ.एसपी सिंह, सीएमओ जीएस वाजपेई आदि मौजूद रहे।