खुल्दाबाद में कर्बला चौराहे के पास सीपीडब्लूडी के एक ठेकेदार से 50 हजार रुपये की रंगदारी मांगी गई। ठेकेदार को बच्चा पासी के नाम पर धमकी देते हुए कहा गया कि अगर रुपये नहीं दिए तो अंजाम बहुत बुरा होगा। दो नामजद और कई अज्ञात लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है।
आरके पुरम कर्बला चौराहे के रहने वाले संतोष पांडेय सीपीडब्लूडी में ठेकेदार हैं। उनका आरोप है कि एक सितंबर को वह अपने कार्यालय में थे। उसी समय चमन, मुंडी का भांजा और कुछ लोग आ गए। उन्होंने आते ही संतोष को गालियां देते हुए 50 हजार रुपये गुंडा टैक्स मांगे। कुछ लोगों ने असलहे भी निकाल लिए थे। उन्होंने धमकी दी कि वह बच्चा पासी गिरोह के हैं।
रुपये नहीं दिए तो मौत निश्चित है। डरे सहमे संतोष ने बुधवार को तहरीर दी। इसके बाद एफआईआर दर्ज कर ली गई है। इंस्पेक्टर विनीत सिंह ने बताया कि आरोपियों की तलाश में दबिश दी जा रही है। इस मामले में बच्चा पासी के कनेक्शन का पता किया जा रहा है। अगर बात सही निकली तो उसे भी नामजद किया जाएगा।
आठ बमों के साथ पकड़ा गया ‘खरगोश’
खुल्दाबाद थाने के टाप टेन का अपराधी अली अहमद उर्फ खरगोश बुधवार को पकड़ गया। इंस्पेक्टर विनीत सिंह ने बताया कि उसके पास से आठ बम मिले हैं। खरगोश के खिलाफ आठ मुकदमे दर्ज हैं।