धूमनगंज थाने में तमिलनाडू की कंपनी पर एफआईआर
प्रयागराज। जमीन पर टॉवर लगवाने के नाम पर धूमनगंज निवासी अंशू कुमार भारती से 5.62 लाख रुपयों की ठगी की गई। यह रकम आठ बार में अलग-अलग तारीख में जमा कराई गई। भुक्तभोगी ने मामले में तहरीर देकर तमिलनाडू की कंपनी पर एफआईआर दर्ज कराई है।
भुक्तभोगी अंशू धूमनगंज के हरवारा का रहने वाला है। पुलिस के मुताबिक, उसने तहरीर देकर आरोप लगाया है कि वह अपनी जमीन में टॉवर लगवाना चाहता था। जिसके लिए उसने कोयंबटूर तमिलनाडू की हाईटेक टॉवर ग्रुप कंपनी से बातचीत की थी। तय समझौते के अनुसार उसने आठ बार मेें कंपनी के बताए अलग-अलग खातों में कुल 5.62 लाख रुपये जमा कर दिए। यह खाते एसबीआई के अलावा बैंक ऑफ इंडिया व इलाहाबाद बैंक की अलग-अलग शाखाओं में खुलवाए गए थे। आरोप है कि टॉवर न लगने पर भुक्तभोगी के मांगने के बावजूद रुपये वापस नहीं किए गए। जिसके बाद उसने पुलिस से मामले की शिकायत की। धूमनगंज पुलिस ने बताया कि फिलहाल तहरीर के आधार पर कंपनी के खिलाफ धोखाधड़ी के आरोप में रिपोर्ट दर्ज की गई है। जांच पड़ताल की जा रही है।