फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

इंदिरा मैराथन : प्रयागराज में 19 नवंबर को दौड़ेंगे देशभर के धावक, विजेता को मिलेंगे दो लाख

Sat, 14 Nov 2026 05:08 PM IST
विनोद सिंह अमर उजाला नेटवर्क, प्रयागराज

सार

Indira Marathon 2026 :    प्रयागराज में 19 नवंबर को 41वीं अखिल भारतीय प्राइजमनी इंदिरा मैराथन का आयोजन होगा। पूर्ण मैराथन के पुरुष और महिला वर्ग के विजेताओं को दो-दो लाख रुपये मिलेंगे। आनंद भवन से शुरू होकर दौड़ मदन मोहन मालवीय स्टेडियम में समाप्त होगी। ऑनलाइन और ऑफलाइन पंजीकरण की सुविधा उपलब्ध है।

विज्ञापन
इंदिरा मैराथन 2026 - फोटो : अमर उजाला ग्राफिक।
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

संगमनगरी में खेलों के सबसे बड़े आयोजनों में शामिल अखिल भारतीय प्राइजमनी इंदिरा मैराथन का 41वां संस्करण 19 नवंबर को आयोजित होगा। इसमें देशभर के धावक अपनी प्रतिभा और दमखम दिखाएंगे। प्रतियोगिता के पुरुष और महिला वर्ग में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले धावक को दो-दो लाख रुपये का पुरस्कार दिया जाएगा। दूसरे स्थान पर रहने वाले को एक लाख और तीसरे स्थान पर आने वाले को 75 हजार रुपये मिलेंगे। शनिवार को मदन मोहन मालवीय स्टेडियम में आयोजित प्रेसवार्ता में जिलाधिकारी मनीष कुमार वर्मा ने इसकी तैयारियों के बारे में विस्तार से बताया।

विज्ञापन


प्रतियोगिता में पुरुष और महिला दोनों वर्गों के लिए 42.195 किलोमीटर की पूर्ण मैराथन और 21.097 किलोमीटर की हाफ मैराथन आयोजित होगी। पूर्ण मैराथन का प्रारंभिक स्थल आनंद भवन और समापन स्थल मदन मोहन मालवीय स्टेडियम निर्धारित किया गया है। आयोजन की तैयारियों को लेकर खेल विभाग और जिला प्रशासन की ओर से व्यवस्थाएं की जा रही हैं।

हाफ मैराथन में भी मिलेंगे आकर्षक पुरस्कार

हाफ मैराथन के पुरुष और महिला वर्ग में प्रथम स्थान पाने वाले धावक को 51 हजार रुपये, दूसरे स्थान पर रहने वाले को 21 हजार और तीसरे स्थान पर आने वाले को 11 हजार रुपये दिए जाएंगे। इसके अलावा तीन सांत्वना पुरस्कार भी दिए जाएंगे। प्रत्येक सांत्वना पुरस्कार की राशि 5100 रुपये निर्धारित है। पूर्ण मैराथन में प्रथम तीन स्थानों के अलावा 11 सांत्वना पुरस्कार भी दिए जाएंगे। प्रत्येक सांत्वना पुरस्कार की राशि 10 हजार रुपये होगी।

विज्ञापन
Trending Videos

18 नवंबर तक करा सकेंगे पंजीकरण

प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए प्रतिभागियों की आयु 19 नवंबर 2026 को 18 वर्ष पूरी होनी चाहिए। ऑनलाइन पंजीकरण की सुविधा शुरू हो चुकी है। इच्छुक धावक आधिकारिक वेबसाइट www.indiramarathon.co.in के माध्यम से आवेदन कर सकते हैं। ऑफलाइन पंजीकरण मदन मोहन मालवीय स्टेडियम में 18 नवंबर को सुबह 10 बजे से शाम छह बजे तक कराया जा सकेगा। पंजीकरण के बाद प्रतिभागियों को बिब नंबर दिया जाएगा।

दौड़ के दौरान रहेंगी विशेष व्यवस्थाएं

आयोजन को सफल बनाने के लिए धावकों की सुविधा के लिए कई व्यवस्थाएं की गई हैं। मैराथन मार्ग पर पेयजल, जलपान, चिकित्सा सहायता और एंबुलेंस की व्यवस्था रहेगी। इसके अलावा विभिन्न स्थानों पर स्वयंसेवकों की तैनाती की जाएगी। धावकों की दौड़ का समय दर्ज करने के लिए आरएफआईडी चिप युक्त बिब और इलेक्ट्रॉनिक टाइमिंग सिस्टम का इस्तेमाल किया जाएगा। इससे प्रत्येक प्रतिभागी की दौड़ की प्रगति और समय का रिकॉर्ड रखा जा सकेगा।

1985 में शुरू हुई थी प्रतियोगिता, राजीव गांधी थे मुख्य अतिथि

इंदिरा मैराथन प्रतियोगिता भारत रत्न पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी की स्मृति में 1985 में उनके जन्म दिवस 19 नवंबर को शुरू की गई थी। खेल विभाग की ओर से आयोजित की जाने वाली प्रतियोगिता में महिला और पुरुष दोनों के लिए कराई जाती है। प्रथम मैराथन जो 1985 में कराई गई थी, उसमें पूर्व प्रधानमंत्री स्व. राजीव गांधी मुख्य अतिथि रहे और उन्होंने अपने हाथों से विजेताओं को पुरस्कृत किया था। कार्यक्रम अमिताभ बच्चन स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स मेयो हॉल में आयोजित किया गया था। 

स्वरूप सिंह और रचना गोविल थे प्रथम विजेता

1985 में आयोजित प्रथम इंदिरा मैराथन प्रतियोगिता में पुरुष वर्ग में स्वरूप सिंह ने बाजी मारी थी। उन्होंने दो घंटे 21 मिनट और 18 सेकंड में दौड़ पूरी की थी। दूसरे स्थान पर रमेशचंद्रकठैत और  तीसरे  स्थान पर हरफूल सिंह रहे। रमेशचंद्र ने दो घंटे 22 मिनट 58 सेकंड और हरफूल ने दो घंटे 24 मिनट 12 सेकंड में दौड़ पूरी की थी। इसी तरह महिला वर्ग में रचना गोविल ने एक घंटे 28 मिनट 43 सेकंड में दौड़ पूरी कर प्रथम स्थान हासिल किया था। दूसरे स्थान पर  सुनीता आनंद एक घंटे 35 मिनट 36 सेकंड और तीसरे स्थान पर सुनीता राय एक घंटे 38 मिनट 44 सेकंड में रेस पूरी की। 
विज्ञापन

मैरााथन रूट पर बंद रहेगा यातायात

इंदिरा मैराथन के लिए आनंद भवन से तेलियरगंज, सोहबतियाबाग, धोबी घाट चौराहा, हीरा हलवाई चौराहा, डीआईजी जी ऑफिस चौराहा, केशरीनाथ त्रिपाठी चौराहा, एनजीओ ऑफिस चौराहा, साईं मंदिर चौराहा, इंदिरा गांधी चौराहा, पोलो ग्राउंड चौराहा, हाईकोर्ट चौराहा, हनुमान मंदिर चौराहा, गिरजाघर चौराहा, काफी हाउस, पैलेस, सुभाष चौराहा, बिग बाजार चौराहा, रोडवेज चौराहा, कस्टम ऑफिस चौराहा, सिविल लाइंस हनुमान मंदिर चौराहा तक प्रातः 6:00 बजे से 8:15 बजे तक यातायात अवरुद्ध रहेगा।

सुबह छह बसे से पूर्वांह्न 11 बजे  तक सीएवी कॉलेज, पन्ना लाल रोड, स्वरूपरानी मार्ग, मेडिकल चौराहा, केपी कॉलेज गेट, सीएमपी डाटपुल, देहाती रसगुल्ला, बेहरना चौराहा, बैहरना नया यमुना पुल तिराहा, नया यमुना पुल चुंगी के आगे चौराहा, महेवा गेट तिराहा नैनी, बड़ौदा ग्रामीण बैंक, रीवा रोड, चाका ब्लॉक के पास, नंद किशोर पीजी कॉलेज चौराहा नैनी, उमर गंज मामा भांजा तालाब नैनी, भलरा चौराहा, नैनी दादूपुर से पहले भारत पेट्रोल पंप के 20 मीटर आगे (मैराथन वापसी स्थल), दादूपुर रीवा रोड के पास तक यातायात डायवर्ट रहेगा।

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें