मांसपेशियों को कम नुकसान, रीढ़ के ऑपरेशन में यूबीई तकनीक कारगर
डॉ. अचल गुप्ता ने मोनोपोर्टल एंडोस्कोपी और पेन मैनेजमेंट में ब्लॉक्स की तकनीक पर व्यावहारिक जानकारी दी। एंडोवैस्कुलर तकनीक के सत्र में डॉ. दीपक कुमार सिंह ने मस्तिष्क की रक्तवाहिनियों से संबंधित बीमारियों के आधुनिक उपचार और एन्यूरिज्म को बंद करने की नई तकनीकों का प्रशिक्षण दिया। न्यूरोलॉजी के अंतर्गत ईईजी पर डॉ. विनोद कुमार पुरी ने जानकारी दी।
ट्रांसक्रेनियल डॉप्लर (टीसीडी) के सत्र में डॉ. वरुण सिंह और डॉ. अभिषेक पाठक ने प्रशिक्षण दिया। मूवमेंट डिसऑर्डर के उपचार में बोटॉक्स इंजेक्शन के इस्तेमाल और उसकी सूक्ष्म तकनीकों पर डॉ. श्वेता पांडेय, डॉ. अब्दुल कावी और डॉ. सौरभ कुमार ने जानकारी दी।
आयोजन अध्यक्ष डॉ. मुकुल पांडेय ने बताया कि शाम के समय सिविल लाइंस स्थित एक होटल में वीडियो प्रेजेंटेशन सत्र भी हुए। इनमें जटिल ब्रेन एन्यूरिज्म की एंडोवैस्कुलर कॉयलिंग, माइक्रोवैस्कुलर एनास्टोमोसिस, कैरोटिको-कैवर्नस फिस्टुला का उपचार, माइक्रोन्यूरोसर्जरी, ब्रेन ट्यूमर, एंडोस्कोपिक स्पाइन और रोबोटिक ब्रेन एवं स्पाइन सर्जरी पर विशेषज्ञों ने अपने अनुभव साझा किए। डॉ. पंकज गुप्ता ने बताया कि सम्मेलन के मुख्य अकादमिक सत्र 14 और 15 नवंबर को इलाहाबाद मेडिकल एसोसिएशन के कन्वेंशन सेंटर में होंगे।