काउंसलिंग पूरी, पर नियुक्ति का इंतजार
0 असिस्टेंट प्रोफेसर के 315 पर चयनित अभ्यर्थियों का होना कॉलेज आवंटन
0 वरीयताक्रम के अनुसार भरे गए विकल्प, ईमेल-एसएमएस से मिलेगी सूचना
अमर उजाला ब्यूरो
प्रयागराज। प्रदेश के अशासकीय महाविद्यालयों में विज्ञापन संख्या 46 के तहत असिस्टेंट प्रोफेसर के 315 पदों पर भर्ती के लिए ऑनलाइन काउंसलिंग की प्रक्रिया पूरी हो चुकी है और अभ्यर्थियों को अब नियुक्ति का इंतजार है। कॉलेज आवंटन समय से होगा या नहीं, इस पर अभ्यर्थियों में उहापोह की स्थिति हैं, क्योंकि अभ्यर्थियों के काफी संघर्ष करने के बाद उच्च शिक्षा निदेशालय ने ऑनलाइन काउंसलिंग की प्रक्रिया पूरी की है।
विज्ञापन संख्या 46 के तहत भौतिक विज्ञान, रसायन विज्ञान और जंतु विज्ञान विषय में असिस्टेंट प्रोफेसर के 315 पदों के लिए चयनित अभ्यर्थियों की ऑफलाइन काउंसलिंग पिछले साल 22 अक्तूबर से शुरू होनी थी, लेकिन अचानक काउंसलिंग स्थगित कर दी गई और अभ्यर्थियों से कहा गया कि जल्द ही इसकी जगह ऑनलाइन काउंसलिंग होगी। इसके बाद प्रक्रिया अटक गई और अभ्यर्थियों को हाईकोर्ट जाना पड़ा। वहां से राहत मिलने के बाद उच्च शिक्षा निदेशालय ने छह, सात एवं आठ मार्च को ऑनलाइन काउंसलिंग कराई। काउंसलिंग की प्रक्रिया पूरी हो चुकी है। अभ्यर्थी वरीयकताक्रम के अनुसार कॉलेज आवंटन के लिए विकल्प भर चुके हैं। अभ्यर्थियों से कहा गया है कि वे अपने ईमेल और मोबाइल फोन पर एसएमएस का अवलोकन करते रहें। कॉलेज आवंटन की सूचना इन्हीं माध्यम से भेजी जाएगी।
अभ्यर्थियों को अब कॉलेज आवंटन की सूचना मिलने का इंतजार है, ताकि उनकी नियुक्ति की प्रक्रिया पूरी हो सके। वैसे भी इन अभ्यर्थियों का काफी नुकसान हो चुका है। इनके साथ विज्ञापन संख्या 46 के तहत अन्य विषयों में चयनित अभ्यर्थियों की नियुक्ति की प्रक्रिया पूरी हो चुकी है, सो साथ में चयन होने के बावजूद अब इन तीन विषयों के अभ्यर्थी अपने साथियों से जूनियर हो गए हैं और इसका असर उनके प्रमोशन, वेतन आदि पर भी पड़ेगा। नियुक्ति में जितनी देर होगी, नुकसान उतना ही अधिक होगा।