फर्जी नाम पते पर बनी तीन फर्म ने बेच दिया 30 करोड़ का माल
0 वाणिज्यकर विभाग ने पकड़ी पांच करोड़ की टैक्स चोरी, दो फर्म का रजिस्ट्रेशन निरस्त
अमर उजाला ब्यूरो
प्रयागराज। वाणिज्यकर विभाग की टीम ने फर्जी नाम पत्ते की तीन फर्म का खुलासा किया है। जांच में पाया गया कि इन तीनों फर्म ने तकरीबन 30 करोड़ का माल भी बेच दिया है। विभागीय टीम ने तीन में से दो फर्म का रजिस्ट्रेशन शुक्रवार को निरस्त कर दिया। अब तीसरी फर्म की जांच पड़ताल की जा रही है। विभाग द्वारा इसका भी रजिस्ट्रेशन शनिवार को निरस्त किया जा सकता है।
दरअसल, विभागीय अफसरों को जानकारी मिली थी कि नैनी में दो और फतेहपुर के बिंदकी में एक फर्जी लोहे की फर्म संचालित हो रही है। रजिस्ट्रेेशन में दिए गए पत्ते की जांच करने टीम पहुंची तो मालूम पड़ा कि संबंधित पता फर्जी है। तफ्तीश करने पर मालूम पड़ा कि नैनी के दो और बिंदकी का एक पता फर्जी है। साथ ही संबंधित फर्म के माध्यम से 30 करोड़ रुपये का कारोबार भी किया गया। संबंधित फर्म द्वारा पांच करोड़ की टैक्स चोरी की भी बात सामने आई। फिलहाल वाणिज्य कर विभाग ने नैनी और बिदंकी एक-एक फर्म का रजिस्ट्रेशन निरस्त कर दिया है। जांच के दौरान यह भी मालूम पड़ा कि नैनी की दोनों फर्म एक ही व्यक्ति के नाम पर है और उसके मालिक का पता कोसी मथुरा है। इस दौरान असिस्टेंट कमिश्नर एचके गौतम, विवेक कुमार, सत्यप्रकाश उमराव आदि मौजूद रहे