सभी केंद्र : लखनऊ के ध्यानार्थ
000000000000000000000
बिना किसी सूचना के प्रयागघाट शिफ्ट हुई गंगा गोमती
0 जंक्शन पहुंचे यात्रियों को बताया गया कि प्रयागघाट जाकर पकड़ें ट्रेन
0 अफसरों को भी नहीं रही खबर, जारी ही नहीं हुआ नोटिफिकेशन
अमर उजाला ब्यूरो
प्रयागराज। इलाहाबाद जंक्शन से लखनऊ जाने वाली गंगा गोमती एक्सप्रेस बिना किसी सूचना के लिए रेलवे ने प्रयागघाट टर्मिनल शिफ्ट कर दी। शुक्रवार को यात्री जंक्शन पहुंचे तो मालूम पड़ा कि ट्रेन प्रयागघाट से चलेगी। यह सुनते ही यात्री भड़क गए। यात्रियों का कहना था कि बिना किसी सूचना के ट्रेन को क्यों शिफ्ट किया गया। यात्री अड़ गए कि ट्रेन इलाहाबाद जंक्शन से ही चलाई जाए। लेकिन बाद में उनको निराशा ही मिली और उन्हें ट्रेन पकड़ने प्रयागघाट जाना पड़ा।
दरअसल, पिछले माह इलाहाबाद जंक्शन से चलने वालीं पांच ट्रेनें नौचंदी, हरिद्वार एक्सप्रेस, जौनपुर पैसेंजर, मनवर संगम और सरयू एक्सप्रेस को प्रयागघाट शिफ्ट करने का एलान किया गया था। इस सूची में गंगा गोमती एक्सप्रेस का नाम नहीं था। छह मार्च को नौचंदी, जौनपुर, मनवर संगम, सरयू एक्सप्रेस शिफ्ट की गईं, जबकि हरिद्वार एक्सप्रेस सात मार्च को शिफ्ट हुई। उधर, उत्तर मध्य रेलवे की ओर से पूर्व में ही स्पष्ट कर दिया गया था कि गंगा गोमती इलाहाबाद जंक्शन से ही चलेगी। वहीं शुक्रवार की सुबह यात्री जंक्शन पहुंचे तो मालूम पड़ा कि ट्रेन प्रयागघाट से चलेगी। यह सुनते ही यात्री भड़क गए। यात्रियों की नाराजगी इस बात को लेकर ज्यादा थी कि ट्रेन बिना किसी सूचना के क्यों शिफ्ट की गई। यह भी कहा गया कि सुबह के वक्त शहर के तमाम मोहल्लों से दारागंज के मुकाबले जंक्शन पहुंचना ज्यादा आसान है। खासतौर से शहर पश्चिम के मोहल्लों से। झलवा, राजरूपपुर, सुलेमसराय, हरवारा, जयंतीपुर आदि मोहल्लों से सुबह के समय दारागंज के लिए सीधा साधन मिलना भी मुश्किल है। इस बीच जंक्शन के डिप्टी एसएस कार्यालय में भी यात्रियों ने रेलकर्मियों को खूब खरी-खरी सुनाई। खास बात यह रही कि उत्तर मध्य रेलवे के अफसरों को भी इस बात की सूचना नहीं थी कि ट्रेन प्रयागघाट शिफ्ट कर दी गई है। इसका नोटिफिकेशन तक जारी नहीं किया गया। इस बारे में डीआरएम इलाहाबाद अमिताभ से पूछा गया तो उन्होंने कहा कि देखा जाएगा कि गंगा गोमती शिफ्ट होने की सूचना क्यों प्रसारित नहीं हुई। बोर्ड के निर्णय पर ही ट्रेन शिफ्ट की गई है।
‘एनसीआर प्रशासन ने ही हमें यह ट्रेन दी है। अगर एनसीआर चाहेगा तो वह गंगा गोमती एक्सप्रेस का संचालन वापस इलाहाबाद जंक्शन से कर सकता है।’
00 सतीश कुमार, डीआरएम लखनऊ।
गंगा गोमती की समय सारिणी
प्रयागघाट-लखनऊ सुबह 5.50 बजे
लखनऊ-प्रयागघाट रात 10.30 बजे
प्रयागघाट-मेरठ नौचंदी एक्सप्रेस शाम 05.20 बजे