पुरानी पेंशन के लिए मशाल
जुलूस निकाल भरी हुंकार
0 कुंभनगरी में कैबिनेट बैठक की पूर्व संध्या पर कर्मचारियों, शिक्षकों, अधिकारियों ने किया प्रदर्शन
अमर उजाला ब्यूरो
प्रयागराज। कुंभनगरी में प्रदेश सरकार की कैबिनेट बैठक की पूर्व संध्या पर कर्मचारी, शिक्षक एवं अधिकारियों ने पुरानी पेंशन के लिए मशाल जुलूस निकाल हुंकार भरी। जुलूस हनुमान मंदिर चौराहा सिविल लाइंस से सुभाष चौराहे तक निकाला गया। आंदोलनकारियों का कहना था कि प्रदेश सरकार उनकी पुरानी पेंशन की मांग पूरी करे। इस दौरान नारे भी लगाए गए। चेतावनी दी गई कि पांच फरवरी तक उनकी मांग नहीं पूरी हुई तो छह से 12 फरवरी तक महाहड़ताल होगी।
आंदोलनकारियों ने अपनी मांग से जुड़ा ज्ञापन जिलाधिकारी के प्रतिनिधि को सौंपा। यह ज्ञापन प्रदेश के मुख्य सचिव को भेजने की मांग की गई। कर्मचारियों, शिक्षकों एवं अधिकारियों ने कहा कि सरकार कुंभ क्षेत्र में कैबिनेट की बैठक करके श्रद्धालुओं को परेशान कर रही है। इनके दौरे के चलते पूरे शहर के लोग परेशान रहेंगे। कर्मचारियों, शिक्षकों का कहना था कि उन्होंने कैबिनेट की बैठक की पूर्व संध्या पर मशाल जुलूस निकालकर सरकार को चेता दिया है कि हम आर-पार की लड़ाई लड़ने को तैयार हैं, सरकार यदि हमारी मांग नहीं मानी तो इसके परिणाम गंभीर होंगे। विरोध प्रदर्शन एवं मशाल जुलूस की अगुवाई उत्तर प्रदेश प्राथमिक शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष देवेंद्र कुमार श्रीवास्तव एवं अजय भारती ने किया। इस दौरान रंगनाथ मिश्र, बीके पांडेय, विनोद कुमार पांडेय, आरपी शुक्ल, रमेश शंकर श्रीवास्तव, राम सुमेर, श्याम सूरत पांडेय, चिंतामणि तिवारी सहित बड़ी संख्या में कर्मचारी, शिक्षक एवं अधिकारी शामिल रहे।