संतों के लिए पानी में बना त्रिस्तरीय सुरक्षा घेरा
शाही स्नान के दौरान जल पुलिस की ओर से की गई व्यवस्था
मुस्तैद रहे जल पुलिस के जवान, श्रद्धालुओं की भी की मदद
अमर उजाला ब्यूरो
प्रयागराज। शाही स्नान के दौरान संतों की सुरक्षा में किसी तरह की चूक न होे, इसके लिए उन्हें त्रिस्तरीय सुरक्षा घेरे में स्नान कराया गया। संगम नोज पर तैनात जल पुलिस के जवान न सिर्फ साधु-संतों की सुरक्षा में मुस्तैद रहे, बल्कि आम श्रद्धालुओं की भी उन्होंने भरपूर मदद की।
श्रद्धालुओं को सुरक्षित स्नान कराने के लिए इस बार पहले से ही जल पुलिस की ओर से तैयारियां की गई थीं। इसके तहत पानी में थर्मो प्लास्टिक से बने फ्लोटिंग बॉक्स के जरिए डीप वाटर बैरिकेडिंग की गई थी। इसकी खासियत यह है कि पूर्व में रस्सों की तरह की गई बैरिकेडिंग की तरह श्रद्धालु पानी के भीतर से पार कर इसके आगे नहीं निकल सकते। जिससे हादसे की संभावना बेहद कम हो जाती है। इसके अलावा फ्लोटिंग बॉक्स पर ही गोताखोर भी खड़े किए गए थे जो किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए तैयार थे। उधर अखाड़ों के स्नान के दौरान जल पुलिस की ओर से संगम नोज पर पानी के भीतर त्रिस्तरीय सुरक्षा घेरा बनाया गया। प्रभारी कड़ेदीन यादव ने बताया कि पहला घेरा डीप वाटर बैरिकेडिंग का था। जबकि इसके बाद डीपवाटर बैरिकेडिंग के साथ ही जाल भी लगाए गए थे। तीसरा घेरा नावों व गोताखोरों की मदद से बनाया गया। इसमें नावों पर गोताखोर तैनात किए गए थे जो ड्यूटी में मुस्तैद थे। इसके अलावा अखाड़ों के स्नान के दौरान घाट पर जगह कम पड़ जाने पर आम स्नानार्थियों को नाव के जरिए दूसरे घाटों तक पहुंचाया गया।