भदोही की कालीन, आगरा का जूता सब एक जगह
0 मेला क्षेत्र स्थित ओडीओएफ के पांडाल में लगाए गए 75 जिलों के स्टाल
अमर उजाला ब्यूरो
प्रयागराज। आजमगढ़ की बनीं काली मिट्टी की कलाकृतियां लेनी हों या बनारसी साड़ी की खरीदने की चाह हो, यह सब कुंभ मेला क्षेत्र में एक ही जगह मिल जाएंगी। इन्हीं खासियतों की वजह से मेला क्षेत्र स्थित ‘एक जिला एक उत्पाद (ओडीओपी)’ का पांडाल स्नानार्थियों और पर्यटकों के आकर्षण का केंद्र बना हुआ है।
पांडाल का औपचारिक उद्घाटन बुधवार को उद्योग मंत्री सत्यदेव पचौरी करेंगे लेकिन, स्टाल दो दिन पहले से ही सज गए हैं। मकर संक्रांति के दिन तो ज्यादा ही भीड़ रही। हाथरस की अनीता तथा उनके साथ आए अन्य लोगों ने प्रयागराज के मूज से बने सजावटी सामान लिए। अनीता का कहना था, ‘आज के दिन गंगा जल ही नहीं, यहां की हर चीज का महत्व है।’ आगरा के जूते के स्टाल पर भी काफी भीड़ रही। इलाहाबाद विश्वविद्यालय के छात्र रोहित अग्निहोत्री, शलभ आदि का कहना था कि किसी जिले की पहचान से जुड़ी वस्तुएं अगर देखनी हो तो यह मुफीद जगह है।
000
प्रदर्शनी, सांस्कृतिक कार्यक्रम भी होंगे आकर्षण
0 पांडाल परिसर में सभी जिलों के उत्पादों की प्रदर्शनी लगाई गई हैं। इसके अलावा सांस्कृतिक कार्यक्रम मुख्य आकर्षण होंगे। इसके लिए अलग मंच सजाया गया है। कृष्ण-राधा, हनुमानजी पर आधारित नृत्य के अलावा बालीवुड, हिप-हाप डांस भी होंगे। इस मंच पर उभरते हुए स्थानीय कलाकारों को भी प्रदर्शन का अवसर मिलेगा। संयुक्त आयुक्त उद्योग सुधाशु तिवारी ने बताया कि यहां हर रोज एक बैलून उड़ाया जाएगा, जो किसी एक उत्पाद पर आधारित होगा। उन्होंने बताया कि बुधवार को मंत्री सत्यदेव पचौरी प्रदर्शनी के उद्घाटन के साथ डाक्यूमेंटरी की लांचिंग करेंगे।
000
मोलभाव ठीक नहीं
0 अलीगढ़ से संगम स्नान के लिए आईं रोमिला, अनुज ओडीओपी के पांडाल में भी पहुंची। उनका कहना था कि यहां सबकुछ एक जगह मिल जा रहा है। अपने प्रदेश को लेकर ढेरों जानकारियां भी मिलीं लेकिन खरीदारी कठिन है। दुकानदार काफी मोलभाव कर रहे हैं। इससे विश्वास उठता है।
000
स्नान के बाद जानी गंगा की कहानी
0 माघ मेला क्षेत्र में महात्मा गांधी मार्ग पर गंगा पांडाल में भी स्नानार्थियों की जबरदस्त भीड़ उमड़ी। स्नान के बाद श्रद्धालुओं ने पांडाल में जाकर गंगा की कहानी को भी जाना और देखा। वहां गंगोत्री से गंगासागर तक गंगा नदी की अविरलता से लेकर संबंधित योजनाओं के बारे में जानकारी दी गई है।