काम के दबाव से परेशान बैंक कर्मी आज करेंगे हड़ताल
0 बैंकिंग के अलावा अन्य उत्पादों की बिक्री का तीव्र विरोध
0 छुट्टियों में बुलाए जाने से भी नाराजगी, शिफ्ट में काम कराने की मांग
अमर उजाला ब्यूरो
प्रयागराज। काम के दबाव तथा अवकाश के दिनाें में भी बुलाए जाने से बैंक कर्मियों में नाराजगी बढ़ गई है। अफसरों ने वेतन संशोधन समेत आठ बिंदुओं को लेकर शुक्रवार को हड़ताल की घोषणा की है। इसमें काम का दबाव प्रमुख मुद्दा है। अफसरों का कहना है कि बैंकिंग के अलावा दूसरे उत्पादों की बिक्री बैंक से बंद की जाए। उन्होंने निर्धारित अवधि के बाद तथा रविवार को भी बुलाए जाने के बजाय शिफ्ट में ड्यूटी लगाने की मांग की है।
बैंक अफसरों का कहना है कि लंबे समय से वेतन संशोधन नहीं हुआ है। इसके विपरीत दबाव बढ़ता जा रहा है। अफसरों ने पांच दिनी कार्य दिवस तथा कोर बैंकिंग पर जोर देने की मांग की है। एसबीआई पेंशनर्स एसोसिएशन के अनिल सिन्हा का कहना है कि रविवार को विशेष परिस्थितियों में ही बुलाया जाना चाहिए। इसके विपरीत नियमित तौर पर अफसरों और कर्मचारियों को बुलाया जाने लगा है। ऑफिसर्स एसोसिएशन के क्षेत्रीय अध्यक्ष विमल श्रीवास्तव का कहना है कि शुक्रवार को हड़ताल रहेगी। इसकी वजह से कोई काम नहीं होगा। पहले पर्सनल बैंकिंग परिसर में प्रदर्शन होगा। इसके बाद सुबह 10.30 सभी शाखाओं के अफसरों का एसबीआई मुख्य शाखा परिसर में जमावड़ा होगा।
000
हर पांचवें सफल अभ्यर्थी ने नहीं किया ज्वाइन
0 एक दौर था जब युवाओं के लिए बैंक की नौकरी प्राथमिकता में थी लेकिन, अब इसके उलट है। स्थिति यह है कि बैंक की भर्ती परीक्षाओं में सफल हर पांचवें अभ्यर्थी ने ज्वाइन नहीं किया। उन्होंने दूसरी नौकरियों को तरजीह दी। बैंक अफसरों का कहना है कि बैंक में वेतन दूसरे विभागों की तुलना में कम है। इसके विपरीत काम का दबाव बढ़ गया है। इसलिए बैंक में नौकरी का आकर्षण कम हो गया है।
000
26 को सभी की हड़ताल
0 वेतन संशोधन समेत विभिन्न मांगों को लेकर 26 दिसंबर को फिर हड़ताल होगी। इसमें एसबीआई समेत सभी बैंकों के अफसर और कर्मचारी शामिल होंगे। इसकी वजह से सभी तरह के काम ठप रहने की आशंका है।
000
अब सिर्फ 24 को होंगे बैंकिंग काम
0 छुट्टियों तथा हड़ताल की वजह से बैंकिंग काम छह दिनों तक प्रभावित रहेंगे। 21 से 26 के बीच सिर्फ 24 दिसंबर को बैंक में काम होगा। शुक्रवार को अफसर हड़ताल पर रहेंगे तो अगले दो दिन शनिवार और रविवार का अवकाश रहेगा। सोमवार को बैंक खुलेंगे लेकिन 25 दिसंबर को बड़े दिन की छुट्टी रहेगी। इसके अगले दिन फिर हड़ताल की घोषणा की गई है।