वित्तीय लेन देन का सही विवरण न भरना परेशानी का कारण बन सकता है। इसलिए आयकर विवरणी भरने में किसी तरह की चूक नहीं होनी चाहिए। यह जानकारी सोमवार को आयकर भवन में आयोजित संगोष्ठी में कर सलाहकार डॉ. पवन जायसवाल ने अतिथि वक्ता के रूप में दी। उन्होंने होटल संचालकों और बैंकों से आए प्रतिनिधियों को ऑन लाइन आयकर रिटर्न भरने का तरीका भी बताया।
आयकर अधिकारी(आसूचना एवं अपराधिक अन्वेषण) पूनम प्रसाद की अध्यक्षता में हुई इस संगोष्ठी में कर प्रावधानों के साथ ही आयकर विवरणी सही तरीके से भरने पर जोर दिया गया। इसमें प्रयागराज के अलावा मिर्जापुर, सोनभद्र, फतेहपुर के कोआपरेटिव बैंकों के प्रबंधक एवं उनके प्रतिनिधि मौजूद थे। इस दौरान डॉ. जायसवाल ने वित्त मंत्रालय के नए प्रावधानों से भी अवगत कराया। इसके बाद आयकर विभाग की वेबसाइट पर ऑनलाइन फाइलिंग में आने वाली समस्या के निराकरण के लिए भी चर्चा हुई। संचालन आयकर निरीक्षक अखिलेश द्विवेदी ने किया। अंत में संतोष कुमार, मोहम्मद उस्मान, मोहम्मद सिद्दीक अहमद ने आगत अतिथियों का आभार जताया।