शहर के दो स्थानों पर एडीए बनाएगा नाइट मार्केट
0 ब्वॉयज हाईस्कूल और प्रयाग संगीत समिति के सामने होगा निर्माण
अमर उजाला ब्यूरो
इलाहाबाद। स्मार्ट सिटी योजना के तहत इलाहाबाद विकास प्राधिकरण (एडीए) ने शहर के दो स्थानों पर नाइट मार्केट बनाने की योजना है। एडीए ने इसकी तैयारी शुरू कर दी है। इसका निर्माण ब्वॉयज हाईस्कूल और चंद्रशेखर आजाद पार्क प्रयाग संगीत समिति के सामने होगा। कुंभ के पूर्व यह नाइट मार्केट तैयार कर लिया जाएगा। इस बाजार में किसी भी तरह का कोई स्थायी निर्माण नहीं होगा।
इंदौर, मुंबई समेत देश के कुछ चुनिंदा शहरों में ही अभी नाइट मार्केट प्रचलन है। अब इलाहाबाद स्मार्ट सिटी के रूप में विकसित किया जा रहा है, सो यहां भी इसके लिए दो स्थान चिह्नित किए जा रहे हैं। शहर में धोबीघाट चौराहे से महाराणा प्रताप चौराहे की तरफ जाने वाली एवं प्रयाग संगीत समिति के सामने पार्किग स्थल पर नाइट मार्केट बनाने की तैयारी एडीए ने की है। जल्द ही इस पर काम शुरू हो जाएगा। इन दोनों स्थानों पर रोड पटरी किनारे वाले स्थान का उपयोग पार्किंग के रूप में होगा, जबकि रात में यहां बाजार सजेगा। इन दुकानों पर खाने पीने के आइटम के साथ ही अन्य सभी जरूरत के समान लोगों को रात में भी उपलब्ध होंगे। एडीए वीसी भानुचंद्र गोस्वामी के मुताबिक यहां एडीए की ओर से लाइटिंग और शेड की व्यवस्था की जाएगी। शीघ्र ही इसके निर्माण का कार्य शुरू होगा। यहां दुकानदारों को कुछ स्थायी रूप से निर्माण नहीं करने दिया जाएगा। कुंभ के पहले दोनों नाइट मार्केट तैयार हो जाएंगे।