प्रयाग लिंक एक्सप्रेस-वे से कम होगी लखनऊ-इलाहाबाद की दूरी
0 153 किमी लंबे एक्सप्रेस-वे के लिए जल्द बनेगा डीपीआर, फिर बजट
0 तीन घंटे में पहुंच सकेंगे राजधानी, पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे से भी जोड़ा जाएगा
डॉ. अखिलेश मिश्र
इलाहाबाद। संगमनगरी से लखनऊ के बीच दूरी अब और कम होगी। प्रदेश सरकार जल्द ही फोर लेन प्रयाग लिंक एक्सप्रेस-वे का तोहफा देने जा रही है। इसके बनने के बाद कुंभनगरी से राजधानी का सफर महज तीन घंटे में पूरा किया जा सकेगा। 153 किमी के लिंक एक्सप्रेस-वे को आकार देने की तैयारी शुरू हो गई है। शासन के निर्देश पर प्रारंभिक रिपोर्ट बनने के बाद अब डीपीआर की तैयारी है। इसके बाद बजट जारी किया जाएगा।
प्रस्तावित प्रयाग लिंक एक्सप्रेस-वे भविष्य में पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे से जोड़ दिया जाएगा। प्रदेश सरकार की ओर से एक्सप्रेस-वे को लेकर हुई बैठक में शामिल लोक निर्माण विभाग के एनएच खंड के एक अधिकारी ने बताया कि लखनऊ से इलाहाबाद के बीच प्रस्तावित फोरलेन प्रयाग लिंक एक्सप्रेस-वे की प्रारंभिक रिपोर्ट तैयार हो चुकी है। शासन स्तर से इसके मंजूरी मिलने के बाद प्रयाग लिंक एक्सप्रेस-वे की पूरी रिपोर्ट तैयार करके डीपीआर तैयार कर इसके लिए बजट मंजूर किया जाएगा। इसके साथ जमीन अधिग्रहण का काम भी शुरू होगा।
अधिकारियों की मानें तो प्रदेश सरकार की योजना है कि कुंभ के दौरान इस प्रोजेक्ट की घोषणा की जाए। बताया कि गोरखपुर, काशी, अयोध्या को जोड़ने वाले पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे के निर्माण के साथ ही प्रयाग लिंक एक्सप्रेस-वे की शुरुआत हो जाएगी। डीपीआर में रास्ते में पड़ने वाले कस्बों और बाजारों को भी बचाने की पूरी कोशिश की जाएगी।
हैदरगढ़ से सोरांव के बीच बनेगा एक्सप्रेस-वे
0 प्रारंभिक रिपोर्ट में प्रस्तावित प्रयाग लिंक एक्सप्रेस-वे बाराबंकी के हैदरगढ़ के पास से शुरू होकर इलाहाबाद शहर से पहले सोरांव तक जाएगा। सोरांव में इस एक्सप्रेस-वे को नेशनल हाइवे (एनएच-2) से जोड़ने की योजना है। सोरांव से मात्र 15 किमी की दूरी तय करके यात्री सीधे शहर में प्रवेश कर जाएंगे। प्रयाग लिंक एक्सप्रेस-वे के बन जाने के बाद लखनऊ से इलाहाबाद की दूरी तीन घंटे से कम समय में पूरी की जा सकेगी।