नहीं हटे अखिलेश यादव तो लौटाए गए 1104 लैपटॉप
सपा सरकार में मेधावियों को देने के लिए आए थे
इलाहाबाद। हाईस्कूल-इंटर के मेधावी छात्रों में वितरण के लिए आए सैकड़ों लैपटॉप शासन के माध्यम से संबंधित कंपनी को लौटा दिए गए हैं। ऐसा करने के पीछे पूर्व सीएम अखिलेश यादव की फोटो बड़ा कारण बनकर सामने आई है। पूर्व की सपा सरकार में मेधावी छात्र-छात्राओं के लिए जो लैपटॉप आए थे, उनमें से एक बड़ी संख्या सरकार बदलने तक नहीं बंट सकी। ऐसे में जनपद स्तर पर बचे 1104 लैपटॉप जीआईसी के एक कमरे में रखकर उच्चाधिकारियों से निर्देश मांगे गए। सूत्रों के मुताबिक शासन से निर्देश मिला कि उक्त लैपटॉप का वितरण तभी कराया जाए जब इनकी स्क्रीन से पूर्व सीएम अखिलेश यादव की फोटो हट जाए।
इसके बाद स्थानीय स्तर पर पूर्व सीएम अखिलेश यादव की फोटो को उक्त सभी लैपटॉप से बाहर करने के हर संभव प्रयास हुए लेकिन बात नहीं बनी। लैपटॉप ऑन होने पर अखिलेश यादव की फोटो न दिखे, इसके लिए शिक्षा विभाग ने जिन इंजीनियरों की मदद ली, उन्होंने भी हाथ खडे़ कर दिए। इस पर थक हारकर सभी लैपटॉप संबंधित कंपनी एचपी को लौटाने का निर्णय लिया गया। इस संबंध में जिला विद्यालय निरीक्षक आरएन विश्वकर्मा का कहना है कि जीआईसी में रखे लैपटॉप का वितरण न होने से शेष धनराशि सरेंडर कर दी गई है। साथ ही लैपटॉप संबंधित कंपनी एचपी को वापस भेज दिए गए हैं।