शहर में तीन दर्जन से अधिक सड़कें होंगी चौड़ी, गिराए जाएंगे सैकड़ों निर्माण
0 कुंभ की तैयारी: नगर निगम पुराने नक्शे के आधार पर करा रहा सर्वे
दारागंज, रामबाग, लीडर रोड, नुरुल्ला रोड, विवेकानंद मार्ग, तेलियरगंज समेत कई इलाकों में होना है काम
माघ मेले के बाद ताबड़तोड़ होगी कार्रवाई, चार टीमें बनाई गईं
अमर उजाला ब्यूरो
इलाहाबाद।
कुंभ मेला की तैयारी में जुटे नगर निगम के अफसरों ने शहर की तीन दर्जन से अधिक सड़कों के चौड़ीकरण की योजना बनाई है। चौड़ीकरण में बाधा बन रहे सैकड़ों निर्माण ध्वस्त कराए जाएंगे। इसके लिए निगम पुराने नक्शे के आधार पर सर्वे करा रहा है। शहरियों को जाम से मुक्ति दिलाने के लिए इसके लिए माघ मेला के बाद कार्रवाई की जाएगी। इसके लिए 4 टीमें गठित की गई हैं। साथ ही आवारा पशुओं की धरपकड़ भी की जाएगी।
पटरी पार शहर का मेला क्षेत्र से सीधा जुड़ाव होता है। नगर निगम ने योजना बनाई है कि कुंभ मेला से पहले इससे जुड़े मोहल्लों की प्रमुख सड़कों का चौड़ीकरण किया जाए। साथ ही गलियों और नालियों को भी दुरुस्त किया जाएगा। प्रारंभिक पड़ताल में संबंधित इंजीनियरों ने अधिकांश मार्गों पर अतिक्रमण देखा। कब्जे से नालियां गुम और सड़कें संकरी हो गई हैं। फुटपाथ पर अतिक्रमण के कारण लोगों का पैदल चलना मुहाल है। प्रमुख बाजारों में भी पटरी को घेरकर दुकानें लगाने से हर समय जाम की समस्या बनी रहती है। चौक, बहादुरगंज, कटरा, कोठापार्चा आदि बाजारों में हर मौसम में सुबह से देर शाम तक वाहन रेंगते हैं और लोग पैदल भी नहीं चल पाते।
नगर निगम ने चौड़ीकरण के लिए प्रस्तावित मार्गों पर स्थायी कब्जों को हटाने की योजना बना ली है। इसके लिए सर्वे कराया जा रहा है। अतिक्रमण निगम के पास मौजूद पुराने नक्शे के आधार पर कराया जाएगा। इससे सैकड़ों निर्माण तोड़फोड़ की जद में आएंगे। स्थानीय पुलिस के साथ किया जाने वाला यह काम चरणबद्ध तरीके से किया जाएगा। फिलहाल सर्वें के काम में लगाई गईं चार टीमें ध्वस्तीकरण की कार्रवाई में शामिल रहेंगी। वहीं कई सड़कों पर किए जा रहे चौड़ीकरण के काम में अतिक्रमण बाधा बन रहा है।
-------------------------------------------------------
इन प्रमुख सड़कों का नगर निगम / एडीए कराएगा चौड़ीकरण
------------------------------
0 सिविल लाइंस में तुलसी चौराहा तक
0 सिविल लाइंस में नवाब यूसुफ रोड
0 नूरु ल्ला रोड: खुल्दाबाद से करेली
0 नूरुल्ला रोड क्रासिंग से मीरापुर सब्जी मंडी
0 प्रयाग स्टेशन के पीछे रामप्रिया रोड
0 तेलियरगंज से शिवकुटी जाने वाला मार्ग
0 कसारी मसारी जाने वाली सड़क
0 अल्लापुर में 80 फीट रोड
0 अल्लापुर स्थित मटियारा रोड
0 दारागंज में बक्शी और कच्ची सड़क
0 रेलवे स्टेशन से जानसेनगंज चौराहा तक लीडर रोड
0 जानसेनगंज से साउथमलाका तक विवेकानंद मार्ग
0 नूरुल्ला रोड स्टेशन से लेकर खुल्दाबाद पुलिस चौकी तक
0 रामबाग रेलवे स्टेशन के सामने वाली सड़क
0 पुरानी जीटी रोड का दोनों तरफ से विस्तार
0 साउथ मलाका डॉट पुल से रामबाग चौराहा तक
0 तेलियरगंज से बालसन चौराहा तक
0 तेलियरगंज से शिवकुटी तक
0 आईआरटी क्रॉसिंग से सलोरी तक
0 शहर पश्चिमी में ट्रांसपोर्ट नगर की कई सड़कों
समेत करीब 40 मार्गों पर चौड़ीकरण प्रस्तावित है।
वर्जन---
सड़कों के चौड़ीकरण के काम में अतिक्रमण की बाधा है। उन मार्गों की वास्तविक चौड़ाई के दायरे में जो भी स्थायी, अस्थायी निर्माण होंगे, उन्हें पुलिस के साथ अभियान चलाकर ध्वस्त किया जाएगा। कार्रवाई पुराने नक्शे के आधार पर की जाएगी।
- हरिकेश चौरसिया, नगर आयुक्त
----------------