क्रॉस कंट्री में भगदड़, कई धावक घायल
0 इस बार भी हुआ बवाल, महाराणा प्रताप चौराहे पर चक्काजाम
इलाहाबाद। इंदिरा मैराथन के बाद जैसे ही क्रॉस कंट्री को हरी झंडी दिखाई गई, वहां भगदड़ मच गई। व्यवस्था ठीक न होने के कारण मची भगदड़ में धावक एक-दूसरे पर गिर पड़े और इनमें से कई धावक घायल हो गए। हमेशा की तरह इस बार भी क्रॉस कंट्री में गड़बड़ी के आरोप लगाए गए और बवाल हुआ। धावकों ने महाराणा प्रताप चौराहे पर चक्काजाम भी किया। स्टेडियम में भी बालिका वर्ग की कई धावकों ने हंगामा किया।
रविवार सुबह पौने सात बजे के आसपास जैसे ही क्रॉस कंट्री को हरी झंडी दिखाई गई, धावकों तेजी से भागे। इससे पहले हजारों धावकों को एक जगह इकट्ठा कर दिया गया था। दौड़ शुरू होते ही धावक एक-दूसरे को धक्का देने लगे और इससे भगदड़ मच गई। कई धावक गिर पड़े और दूसरे खिलाड़ी उनके ऊपर से चढ़ते हुए भागे। कई धावक घायल हो गए। वहां मौजूद ऑफीशियल्स ने स्थिति संभालने की कोशिश की लेकिन भीड़ इतनी अधिक थी कि उन्हें धक्के खाकर पीछे हटना पड़ा। आठ किमी की क्रॉस कंट्री पूरी होती, इससे पहले ही हंगामा शुरू हो गया। बड़ी संख्या में धावक महाराणा प्रताप चौराहे पर इकट्ठा हो गए और चक्काजाम कर दिया। इस बीच कई धावक स्टेडियम पहुंच गए और हंगामा शुरू कर दिया। बालिका वर्ग की कई धावकों ने स्टेडियम में जमकर हंगामा किया और खेल अधिकारियों से उनकी बहस भी हुई। चक्काजाम तो जैसे-तैसे खत्म करा दिया गया लेकिन स्टेडियम में काफी देर तक हंगामा होता रहा। धावकों ने आरोप लगाया कि उन्हें चेस्ट नंबर नहीं दिया जा रहा था। इधर-उधर दौड़ाया जा रहा था, जिसकी वह से क्रॉस कंट्री में शामिल नहीं हो सके और जो क्रॉस कंट्री में दौड़े, उनका आरोप था कि खिलाड़ी मोटरसाइकिल और स्कूटी पर सवार होकर बीच में क्रॉस कंट्री में शामिल हुए। ऐसे में जो खिलाड़ी गंभीरता के साथ क्रॉस कंट्री में दौड़े उनके साथ धोखाधड़ी हुई।