कस्बे के एटीएम बूथ में किसान का डेबिट कार्ड बदलकर टप्पेबाजों ने 40,000 रुपये निकाल लिए। मोबाइल में मैसेज आया तो ठगी का पता चला।
सुशील कुमार निवासी लेदहा थाना नवाबगंज का इलाज तेज बहादुर सप्रू अस्पताल प्रयागराज में चल रहा है। उन्होंने बताया कि सोमवार पैर का ऑपरेशन होना था। वह अपने बेटे अभिनय का एटीएम कार्ड लेकर नवाबगंज गए थे।
इस दौरान पीछे खड़े साइबर ठगों ने डेबिट कार्ड बदल लिया। थोड़ी देर बाद 40,000 रुपये निकालने का मोबाइल फोन पर मैसेज आया तो उन्हें ठगी का पता चला। पीड़ित ने पुलिस को तहरीर दी है। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक नवाबगंज की घटना के आधे घंटे बाद कौड़िहार-पचदेवरा स्थित एक एटीएम के पास से एक साइबर ठग को ग्रामीणों ने दबोच लिया। बाद में उसे पुलिस को सौंप दिया।