चीन समेत अन्य कोरोना प्रभावित देशों से हाल ही में यहां आए 38 नए यात्रियों की सूची डब्ल्यूएचओ ने सीएमओ को मुहैया कराई है। निर्देश हैं कि सभी की जांच कर रिपोर्ट केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय को भेजी जाए। सूची आने के 24 घंटे बाद भी स्वास्थ्य विभाग की रैपिड रिस्पांस पांच टीमें एक भी यात्री को जांच और परीक्षण के लिए खोज नहीं पाई हैं।
डब्ल्यूएचओ ने बृहस्पतिवार रात सीएमओ को 38 ऐसे विमान यात्रियों की सूची मुहैया कराई, जो चीन समेत अन्य देशों से देश के विभिन्न शहरों से यहां पहुंचे। एयरपोर्ट पर सामान्य जांच के दौरान मरीज स्वस्थ बताए गए हैं।
एहतियात बरतने के निर्देश के साथ डब्ल्यूएचओ ने कहा है कि सूची में अंकित पते पर यात्रियों की जांच कर लक्षण देखे जाएं। सभी को मास्क देकर बाहर न निकलने का अनुरोध करें। बताया गया कि जिन लोगों में कोरोना के एक भी लक्षण मिलें, उनके रक्त नमूने जांच के लिए केजीएमयू लखनऊ भेजे जाएं। ऐसे मरीजों को मेडिकल कालेज के एसआरएन अस्पताल में स्थापित कोरोना आइसोलेशन वार्ड में भर्ती कराया जाए।
सीएमओ मेजर डॉ. जीएस बाजपेयी के मुताबिक सूची में अंकित विमान यात्रियों की जांच और परीक्षण के लिए नोडल अधिकारी डॉ. गणेश प्रसाद को निर्देश दिए गए हैं। डा. गणेश ने बताया कि शुक्रवार को चीन से लौटे किसी नए यात्री तक टीमें नहीं पहुंच सकी हैं। मुसीबत यह है कि इस बार की सूची में यात्रियों के नाम और पते तो दर्ज हैं, लेकिन मोबाइल नंबर नहीं है। ऐसे में लोगों तक पहुंचना मुश्किल हो रहा है।
वहीं स्वास्थ्य विभाग ने पूर्व में यहां आए 60 यात्रियों में 28 को अभी निगरानी में रखा है। इसमें रेलवे के प्रोजेक्ट पर काम करने वाले 17 टेक्नोक्रेट्स भी शामिल हैं। सभी का नियमित परीक्षण किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि 32 यात्रियों में अधिकतर सीमावर्ती जिलों या दूसरे शहरों को जा चुके हैं। इस बारे में संबंधित जिलों के सीएमओ को सूचना दी गई है।