लेड़ियारी साधन सहकारी समिति पर खाद के लिए जुटे किसानों
क्षेत्र में खाद की किल्लत दिनों-दिन बढ़ रही है, जिससे किसान परेशान हैं। बुधवार को लेड़ियारी साधन सरकारी समिति में 350 बोरी खाद पहुंची। बृहस्पतिवार सुबह चार बजे ही हजारों किसान खाद लेने के लिए लाइन में लग गए।
समिति प्रभारी ने लंबी लाइन देखकर पुलिस के बिना खाद वितरण असंभव बताया। किसानों ने आरोप लगाया कि समिति में खाद कम आ रही है। उन्हें एक बोरी से अधिक खाद नहीं मिल पा रही है। निजी दुकानों पर खाद 700 रुपये महंगी मिल रही है।
किसानों ने कहा कि रोपाई के महीनों बाद भी खेतों में खाद नहीं पड़ी, जिससे पैदावार प्रभावित होगी। उन्होंने पर्याप्त खाद न मिलने पर सड़क पर उतरने की चेतावनी दी। समिति सचिव अश्वनी कुमार ने बताया कि 350 लोगों को टोकन देकर खाद बांटी जाएगी।