कोरोना संक्रमण काल में सोमवार को एक बार फिर 253 नए कोविड संक्रमितों के मुकाबले 340 लोगों ने कोरोना को मात दी। संक्रमण मुक्त 53 लोगों को विभिन्न कोविड अस्पतालों से डिस्चार्ज किया गया। वहीं 287 लोगों का होम आइसोलेशन पूरा हुआ। एक कोरोना संक्रमित मरीज की मौत हुई, जो पड़ोसी जनपद फतेहपुर का रहने वाला है।
सीएमओ मेजर डॉ. जीएस बाजपेयी के मुताबिक जिले में अब तक कोरोना संक्रमितों की संख्या 18913 हो गई है। 3085 लोगों का होम आइसोलेशन पूरा हुआ। सोमवार तक 11203 मरीजों ने घर पर रहकर कोविड प्रोटोकॉल के तहत इलाज कराया और संक्रमण मुक्त हुए। 4364 संक्रमितों का कोविड अस्पतालों में उपचार किया गया।
जिले में सोमवार को भी 3300 से ज्यादा कोविड जांच की गईं। निर्देश दिए गए हैं कि नसबंदी और अन्य शिविरों में आने वालों की कोविड जांच की जाए। सिर्फ एंटीजन ही नहीं संभावित संक्रमितों की आरटीपीसीआर जांच कराई जाए। सोमवार को जिले में तीन स्वास्थ्य कर्मियों के साथ तीन अधिवक्ता, एक ऑडीटर और दो बैंक कर्मचारी शामिल हैं। विभिन्न विभागों से सेवानिवृत पांच अधिकारी भी संक्रमण का शिकार हुए हैं।
कोविड अस्पतालों में भर्ती हैं 275 संक्रमित
जिले के कोविड केयर सेंटर कालिंदीपुरम में सोमवार को रात आठ बजे तक 26 संक्रमित मरीज भर्ती हैं। यूनानी मेडिकल कॉलेज हिम्मतगंज में 13, रेलवे हॉस्पिटल में 31, बेली अस्पताल में 68, यूनाइटेड मेडिसिटी में 39, साईंनाथ वात्सल्य एएमए हॉस्पिटल में 30 और एल थ्री एसआरएन अस्पताल में 136 कोरोना संक्रमित मरीज भर्ती हैं।
रिश्तेदार के घर आया था संक्रमित, गई जान
एक निजी अस्पताल में इलाज के लिए पहुंचे जिस कोरोना संक्रमित मरीज की मौत रविवार को हुई, उसे जिले के आंकड़ों में शामिल किया गया है। नोडल अधिकारी कोरोना डॉ. ऋषि सहाय के मुताबिक गंभीर हालत में मरीज निजी अस्पताल में लाया गया था। वह फतेहपुर का रहने वाला था। उसके साथ करेली में रहने वाले रिश्तेदारों ने अपने घर का पता लिखाकर कोविड जांच कराई थी।