इंटरमीडिएट में शीर्ष तीन स्थानों पर बेटियों का कब्जा
- यूपी बोर्ड इंटर की परीक्षा में तनु तोमर, हाईस्कूल में गौतम रघुवंशी टॉपर
- हाईस्कूल का 80.07 और इंटरमीडिएट का 70.06 फीसदी रहा रिजल्ट
प्रयागराज, 27 अप्रैल। यूपी बोर्ड इंटरमीडिएट की परीक्षा में श्रीराम एसएम इंटर कॉलेज बरौत बागपत की तनु तोमर और हाईस्कूल में ओंकारेश्वर एसवीएन इंटर कॉलेज जवाहर नगर कानपुर के छात्र गौतम रघुवंशी ने टॉप किया है। उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद के निदेशक विनय कुमार पांडेय एवं सचिव नीना श्रीवास्तव ने शनिवार को यूपी बोर्ड हाईस्कूल और इंटरमीडिएट परीक्षा का परिणाम घोषित कर दिया।
इंटरमीडिएट की परीक्षा में शीर्ष तीन स्थानों पर बेटियों ने कब्जा किया है। तनु तोमर ने सर्वाधिक 97.80 फीसदी अंक हासिल किए। वहीं, मेरिट में दूसरे स्थान पर रहीं पंडित राजा राम उपाध्याय इंटर कॉलेज खरौरा गोंडा की छात्रा भाग्य श्री उपाध्याय को 95.20 और तीसरे स्थान पर रहीं एसपी इंटर कॉलेज सिकरो कोरांव प्रयागराज की छात्रा आकांक्षा शुक्ला को 94.80 फीसदी अंक प्राप्त हुए।
हाईस्कूल में टॉपर रहे गौतम रघुवंशी को 97.17 फीसदी अंक मिले हैं जबकि दूसरे स्थान पर रहे श्री साई इंटर कॉलेज लखपेड़ाबाद बाराबंकी के छात्र शिवम को 97 फीसदी और तीसरे नंबर पर रहीं महारानी लक्ष्मी बाई मेमोरियल इंटर कॉलेज बाराबंकी की छात्रा तनूजा विश्वकर्मा को 96.83 फीसदी अंक मिले।
किसे कितने अंक मिले
इंटरमीडिएट
तनु तोमर - 489/500
भाग्य श्री उपाध्याय - 476/500
आकांक्षा शुक्ला - 474/500
हाईस्कूल
गौतम रघुवंशी - 583/600
शिवम - 582/600
तनूजा - 581/600
00
रिजल्ट एक नजर में
हाईस्कूल
- कुल 31,92,587 विद्यार्थी पंजीकृत थे और 28,39,284 विद्यार्थियों ने परीक्षा दी। परीक्षा में सम्मिलित होने वालों में 15,17,,984 बालक एवं 13,21,300 बालिकाएं हैं। कुल 22,73,304 परीक्षार्थी उत्तीर्ण हुए, जिनमें 11,63,735 छात्र एवं 11,09,569 छात्राएं शामिल हैं।
इंटरमीडिएट
- कुल 26,03,169 परीक्षार्थी पंजीकृत थे और 23,52,049 विद्यार्थियों ने परीक्षा दी। परीक्षा में सम्मिलित होने वालों में 12,47,345 बालक एवं 11,04,674 छात्राएं हैं। कुल 1647919 परीक्षार्थी उत्तीर्ण हुए, जिनमें 8,03,330 छात्र एवं 8,44,589 छात्राएं शामिल हैं।
00
पिछले साल के मुकाबले बेहतर रहा हाईस्कूल का परिणाम
हाईस्कूल का परिणाम 80.07 फीसदी और इंटरमीडिएट का 70.06 फीसदी रहा। हाईस्कूल का परिणाम इस बार उत्साहजनक रहा, जो गत वर्ष तुलना में 4.91 फीसदी अधिक है जबकि इंटरमीडिएट के रिजल्ट ने हताश किया और पिछले साल के मुकाबले इस बार रिजल्ट 2.37 फीसदी कम रहा।
00
छात्राओं का उत्तीर्ण प्रतिशत अधिक
- यूपी बोर्ड की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की परीक्षा में छात्राओं का रिजल्ट छात्रों से काफी बेहतर रहा। हाईस्कूल में 83.98 फीसदी बालिकाएं एवं 76.66 फीसदी बालक और इंटरमीडिएट में 76.46 फीसदी बालिकाएं एवं 64.40 फीसदी बालक उत्तीर्ण हुए।
00
हाईस्कूल में मुजफ्फरनगर, इंटर में लखनऊ अव्वल
- हाईस्कूल की परीक्षा में सबसे अच्छा परिणाम मुजफ्फरनगर का रहा। वहां 91.80 परीक्षार्थी उत्तीर्ण हुए हैं जबकि दूसरे नंबर पर रहे शामली का रिजल्ट 91.42 फीसदी एवं तीसरे स्थान पर रहे लखनऊ का रिजल्ट 91.26 फीसदी रहा। वहीं, इंटरमीडिएट में 89.28 फीसदी परिणाम के साथ लखनऊ अव्वल रहा। दूसरे नंबर पर रहे शामली का रिजल्ट 88.78 फीसदी और तीसरे स्थान पर रहे गाजियाबाद का रिजल्ट 87.23 फीसदी रहा।
00
हाथरस, मिर्जापुर का रिजल्ट सबसे खराब
- हाईस्कूल में मिर्जापुर और इंटरमीडिएट में हाथरस का रिजल्ट सबसे खराब रहा। मिर्जापुर 67.64 एवं हाथरस 48.62 फीसदी रिजल्ट के साथ 75वें स्थान पर है।
00
388 स्कूलों का रिजल्ट 20 फीसदी से कम
- प्रदेश के 388 स्कूलों का रिजल्ट 20 फीसदी से कम है। हाईस्कूल की बात करें तो 139 विद्यालयों का रिजल्ट 20 फीसदी से कम रहा, जिनमें 50 शासकीय, पांच मान्यता प्राप्त और 84 वित्तविहीन विद्यालय शामिल हैं। वहीं, इंटरमीडिएट में 249 स्कूल ऐसे हैं जिनका परिणाम 20 से कम है। इनमें 15 शासकीय, 58 मान्यता प्राप्त और 176 वित्तविहीन स्कूल हैं।
00
इंटर में 3.46 फीसदी विद्यार्थी ससम्मान उम्मीण
- इंटरमीडिएट में 3.46 फीसदी विद्यार्थी ससम्मान उत्तीर्ण हुए हैं। वहीं, 31.97 फीसदी प्रथम श्रेणी, 53.65 फीसदी द्वितीय श्रेणी और 7.93 फीसदी विद्यार्थी तृतीय श्रेणी में उत्तीर्ण हुए हैं।