कानपुर इंटरसिटी से करें चित्रकूट तक का सफर
0 इलाहाबाद से चित्रकूट तक स्पेशल ट्रेन के रूप में शुरू हुआ संचालन
0 बोर्ड की अनुमति मिलते ही नियमित रूप से चित्रकूट तक जाएगी ट्रेन
अमर उजाला ब्यूरो
इलाहाबाद।
कानपुर से इलाहाबाद आने वाली इंटरसिटी का अंतिम पड़ाव अब चित्रकूट धाम होने जा रहा है। शुक्रवार से इस ट्रेन का संचालन कानपुर से इलाहाबाद जंक्शन होते हुए चित्रकूट तक शुरू हुआ। हालांकि, इलाहाबाद से चित्रकूट के बीच अगले 15 दिन इस ट्रेन को स्पेशल ट्रेन के रूप में चलाया जा रहा है, लेकिन एक दिसंबर के बाद यह ट्रेन नियमित रूप से चित्रकूट तक जा सकती है।
इलाहाबाद से चित्रकूट के लिए सुबह छह बजे झांसी पैसेंजर के बाद अगली नियमित ट्रेन रात में दस बजे बुंदेलखंड एक्सप्रेस ही है। दिन में चित्रकूट के लिए सीधी ट्रेन न होने से लोग सड़क मार्ग से ही वहां के लिए रवाना होते हैं। उधर, वर्ष 2019 में लगने वाले कुंभ मेले के मद्देनजर श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए रेलवे ने कानपुर इंटरसिटी का विस्तार चित्रकूट तक करने का प्रस्ताव रेलवे बोर्ड को भेजा है। बोर्ड द्वारा इस प्रस्ताव को हरी झंडी दिखाने की पूरी उम्मीद है। जब तक बोर्ड हरी झंडी नहीं दिखता तब तक कानपुर से इलाहाबाद आने वाली इंटरसिटी एक्सप्रेस को इलाहाबाद से चित्रकूट के बीच स्पेशल ट्रेन के रूप में शुक्रवार से शुरू कर दिया गया है।
दरअसल, कानपुर इंटरसिटी सुबह 6.30 बजे कानपुर से चलने के बाद 9.40 बजे इलाहाबाद आ जाती है। यहां दिन भर इसका रेक जंक्शन पर खड़ा रहता है जो शाम 6.30 बजे यहां से रवाना होता है। नई व्यवस्था के तहत सुबह 9.40 बजे आने के बाद इंटरसिटी एक्सप्रेस स्पेशल ट्रेन के रूप में सुबह 10 बजे रवाना होकर नैनी, शंकरगढ़, डभौरा, मानिकपुर होते हुए दिन में 12.10 बजे चित्रकूट पहुंच जाएगी। वहां से शाम चार बजे स्पेशल ट्रेन के रूप में चलकर शाम 6.10 बजे इलाहाबाद एवं 6.30 बजे कानपुर के लिए रवाना हो जाएगी। एक दिसंबर तक यहीं व्यवस्था प्रभावी रहेगी।
कानपुर इंटरसिटी को चित्रकूट तक चलाने का प्रस्ताव रेलवे बोर्ड को भेजा गया है। अभी इलाहाबाद से चित्रकूट के बीच स्पेशल ट्रेन के रूप में इसे शुक्रवार से शुरू किया गया है। -एसके पंकज, डीआरएम इलाहाबाद।