शिक्षक भर्ती में आधार अनिवार्य, आवेदन फंसे
0 इविवि में बिना आधार स्वीकार नहीं हो रहे ऑनलाइन आवेदन
अमर उजाला ब्यूरो
इलाहाबाद।
इलाहाबाद विश्वविद्यालय में शिक्षक भर्ती के लिए ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। आवेदन करने वालों के लिए आधार अनिवार्य कर दिया गया है। जिनके पास आधार नहीं हैं, वे आवेदन से वंचित हो जाएंगे। इससे आवेदक परेशान हैं और आधार कार्ड बनवाने के लिए उन्होंने दौड़भाग शुरू कर दी है, लेकिन यह उम्मीद कम ही है कि आवेदन की अंतिम तिथि तक उन्हें आधार नंबर मिल सके।
शिक्षक भर्ती के लिए ऑनलाइन आवेदन स्वीकार किए जा रहे हैं। ऑनलाइन आवेदन तभी स्वीकार किए जा रहे हैं, जब आवेदक फॉर्म में अपना आधार नंबर अंकित कर रहे हैं। आधार नंबर अंकित न करने पर फॉर्म नहीं खुल रहा है। आधार नंबर भरने के बाद ही आवेदन में बाकी सूचानाएं भरी जा सकती हैं। हालांकि, आधार की अनिवार्यता के साथ इस बार आवेदकों को ई-लॉकर की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई है। ई-लॉकर के लिए आवेदकों को पासवर्ड जारी किया जा रहा है। आवेदक अपने सभी शैक्षिक दस्तावेज स्कैन कर ई-लॉकर में सुरक्षित रख सकते हैं। यह सुविधा जीवन पर्यंत मिलेगी और भविष्य में आवेदक किसी दूसरी जगह फॉर्म भरते हैं तो एक क्लिक पर सभी दस्तावेज फॉर्म के साथ अटैच हो जाएंगे। आधार अनिवार्य किए जाने के मामले में भर्ती प्रकोष्ठ के निदेशक प्रो. अनुपम दीक्षित का कहना है कि आधार आवेदकों की पहचान है और आवेदन में आईडी लिए जाने का प्रावधान है। वैसे भी यह व्यवस्था एनआईसी ने लागू की है और एनआईसी केंद्र सरकार की एजेंसी है।