शराब की दुकानों के लिए तीसरे चरण में शनिवार को कराई गई लॉटरी में भी तीस देशी शराब की दुकानें बची रह गईं। इन दुकानों की लाइसेंस फीस अधिक होने की वजह से कोई दुकानदार सामने नहीं आया। इसी तरह दो मॉडल शॉप भी भारी-भरकम लाइसेंस फीस होने की वजह से नहीं उठाई जा सकीं। कलेक्ट्रेट सभागार में जिला आबकारी अधिकारी संदीप बिहारी मोडवेल की उपस्थिति में तीसरे चरण के लिए 35 देशी शराब, तीन अंग्रेजी शराब, तीन बीयर, दो मॉडल शॉप एवं 85 भांग की दुकानों के लिए लॉटरी निकाली गई। इनमें से देशी शराब की पांच दुकान समेत अंग्रेजी एवं बीयर की सभी दुकानें उठ गईं जबकि प्रीतम नगर एवं स्टेशन रोड स्थित मॉडल शॉप की दुकान नहीं उठ सकी।
प्रीतम नगर मॉडल शॉप के लिए 63 लाख रुपये जबकि स्टेशन रोड के लिए 84 लाख रुपये लाइसेंस फीस निर्धारित की गई थी। देशी शराब की दुकानों के लिए इस बार कोटा करीब 113 फीसद तक बढ़ जाने से इनको उठाने में भी विभाग को खासी मशक्कत करनी पड़ रही है। कोटा में भारी-भरकम बढ़ोत्तरी की वजह से ही 30 दुकानों तीसरे चरण के बाद भी खाली रह गई हैं। बता दें, प्रयागराज में आबकारी विभाग की कुल 1001 दुकानों का लाइसेंस है। इनमें देशी शराब की 421, विदेशी शराब की 199, बीयर की 190, मॉडल शॉप 12 एवं भांग की 179 दुकानें हैं। इस बार ज्यादातर दुकानों का लॉटरी की जगह नवीनीकरण कराया गया है। उधर, डीओ संदीप बिहारी का कहना है कि अब खाली पड़ी दुकानों के लिए ऑफर मांगा जाएगा।