प्रदेश के अशासकीय महाविद्यालयों को इस साल जून में 290 नए प्राचार्य मिल जाएंगे। उत्तर प्रदेश उच्चतर शिक्षा सेवा आयोग (यूपीएचईएससी) ने सोमवार को परीक्षा से लेकर अंतिम चयन परिणाम तक का कार्यक्रम जारी कर दिया। परीक्षा एक मार्च को आयोजित की जाएगी, जबकि चयन परिणाम 17 जून को प्रस्तावित है।
अशासकीय महाविद्यालयों में विज्ञापन संख्या 49 के तहत प्राचार्य के 290 पदों पर भर्ती होनी है। इसके लिए ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया इस साल 15 मार्च से शुरू की गई थी और 17 अप्रैल तक आवेदन स्वीकार किए गए थे। वहीं, शैक्षिक प्रदर्शक सूचकांक (एपीआई) को प्राप्त करने की अंतिम तिथि 17 मई थी। आयोग की सचिव वंदना त्रिपाठी की ओर जारी किए गए कार्यक्रम के अनुसार एक मार्च को लिखित परीक्षा होगी और छह से 21 मार्च तक उत्तरकुंजी का प्रकाशन होगा एवं आपत्तियां प्राप्त की जाएंगी।
26 मार्च तक आपत्तियों का निस्तारण किया जाएगा और 30 मार्च को अंतिम उत्तरकुंजी जारी की जाएगी। लिखित परीक्षा का परिणाम छह अप्रैल को जारी कर दिया जाएगा और परीक्षा में उत्तीर्ण अभ्यर्थियों के साक्षात्कार 28 अप्रैल से 10 जून तक आयोजित किए जाएंगे। अंतिम चयन परिणाम 10 जून को जारी किया जाएगा।
कहां कितने पद
- स्नातकोत्तर पुरुष महाविद्यालयों में प्राचार्य के 134 एवं स्नातकोत्तर महिला महाविद्यालय में प्राचार्य के 30 और स्नातक पुरुष महाविद्यालयों में प्राचार्य के 105 एवं स्नातक महिला महाविद्यालय में प्राचार्य के 21 पदों पर भर्ती होगी।