मेजारोड में ज्वेलरी की दुकान का ताला तोड़कर हुई चोरी की घटना के 24 घंटे बाद भी मेजारोड पुलिस के हाथ खाली है। पुलिस चोरों तक पहुंचने के लिए सीसीटीवी कैमरे के फुटेज को खंगाल रही है। हालांकि, चोरों का किसी प्रकार का क्लू नहीं पता चल सका है। जिससे व्यापारियों में आक्रोश है।
बता दें कि मेजारोड चौराहे पर सर्राफा कारोबारी राहुल सेठ की ज्वेलरी की दुकान का ताला तोड़कर चोर तिजोरी उठा ले गए थे। तिजोरी दुकान से 50 मीटर दूर खेत में फेंकी गई थी। बाद में तिजोरी बरामद कर ली गई थी। सर्राफा कारोबारी राहुल सेठ ने बताया कि चार साल में तीसरी बार चोरों ने दुकान को निशाना बना चुके हैं। व्यापारी नेता अखिलेश मिश्रा ने कहा कि रात में गश्त न होने से चोर बेखौफ हो गए हैं। मेजा थाने के इंस्पेक्टर दीनदयाल सिंह ने बताया कि जल्द ही चोर पकड़े जाएंगे।