बुखार ने ले ली होमगार्ड की जान, जांच में हुई थी डेंगू की पुष्टि
कौशांबी के पश्चिमशरीरा थाना क्षेत्र में यातायात विभाग में तैनात होमगार्ड के जवान की बुखार से मौत हो गई। वह चार दिनों से पीड़ित था। घटना से पीड़ित परिवार में कोहराम मचा है। परिवार के लोग उसे डेंगू पीड़ित बता रहे हैं। फतेहपुर जिले के धाता इलाके के सुरझानपुर निवासी श्रवण कुमार (42) होमगार्ड के जवान थे। वह अपनी ससुराल पूरबशरीरा में रहते थे। इन दिनों श्रवण की ड्यूटी ट्रैफिक पुलिस में थी।
परिजनों के मुताबिक, चार दिन पहले ड्यूटी के दौरान श्रवण को बुखार आया। इस पर उन्होंने डॉक्टर से चेकअप कराने के बाद दवाएं लीं, लेकिन आराम नहीं हुआ। रात में तेज बुखार होने पर उन्हें जिला अस्पताल ले जाया गया। यहां श्रवण ने सीवीसी की जांच कराया और दवा लेकर घर लौट गए।
हालत में सुधार न होने पर परिजन श्रवण को प्रयागराज के एक निजी अस्पताल ले गए। वहां शनिवार को इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। घटना से परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है। घरवालों का कहना है प्रयागराज के अस्पताल में चिकित्सक ने किट से डेंगू की जांच की थी और उन्हें पीड़ित बताया था।