एएसडी श्रेणी में 11.24 लाख मतदाता चिह्नित
अनुपस्थित, शिफ्टेड, डुप्लीकेट व मृतक श्रेणी में अब तक 11 लाख 24 हजार 260 मतदाता चिह्नित किए गए हैं। इस श्रेणी के मतदाताओं के नाम वोटर लिस्ट से हटाए जाएंगे लेकिन इससे पहले जिला स्तरीय अफसरों से इसकी जांच कराई जा रही है। जिन बूथों पर इस श्रेणी के 20 फीसदी से अधिक मतदाता चिह्नित किए गए हैं, उनके रीवेरिफिकेशन के लिए इलाहाबाद दक्षिण, इलाहाबाद उत्तर व इलाहाबाद पश्चिम में क्रमश: 14, 20 व 15 जिला स्तरीय अफसरों यानी कुल 39 अफसरों की ड्यूटी लगाई गई है। इसके साथ ही डिजिटाइजेशन में जो बीएलओ पीछे रह गए हैं, उनकी मदद के लिए भी अलग से कर्मचारियों व अफसरों की ड्यूटी लगाई गई है।
‘जिन मतदाताओं ने अभी तक अपने फॉर्म जमा नहीं किए हैं, वे बृहस्पतिवार सुबह हर हाल में बीएलओ के पास फॉर्म जमा कर दें। अंतिम दिन ऐप पर लोड बढ़ सकता है। सभी वोटरों के फॉर्म डिजिटाइज्ड किए जा सकें, इसके लिए जरूरी है कि फॉर्म सुबह के वक्त ही बीएलओ को उपलब्ध करा दिए जाएं। इसके अलावा सभी बूथ पर बीएलओ ने एएसडी श्रेणी के मतदाताओं की लिस्ट तैयार की है। मतदाता या राजनीतिक दल के प्रतिनिधि इस लिस्ट का अवलोकन कर लें और किसी को कोई आपत्ति हो तो वह अपनी शिकायत संबंधित सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी, निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी या जिला निर्वाचन अधिकारी के पास दर्ज करा सकता है। जनपद स्तर पर संचालित डिस्ट्रिक्ट कॉन्टैक्ट सेंटर के टोल फ्री नं0 1950 या 0532-2644024 पर भी अपनी शिकायत दर्ज कर सकते हैं। - ’ मनीष कुमार वर्मा, जिलाधिकारी