एसीएफ-आरएफओ परीक्षा के कटऑफ अंक जारी
0 मुख्य परीक्षा के लिए यूपीपीएससी ने मांगे आवेदन
इलाहाबाद। उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग ने सहायक वन संरक्षक (एसीएफ)/क्षेत्रीय वन अधिकारी (आरएफओ) प्रारंभिक परीक्षा-2017 में शामिल अभ्यर्थियों के प्राप्तांक एवं श्रेणीवार कटऑफ अंक आयोग की वेबसाइट पर जारी कर दिए हैं। साथ ही मुख्य परीक्षा के लिए अभ्यर्थियों से आवेदन मांग लिए गए हैं। अभ्यर्थियों को शुल्क ऑनलाइन जमा करना है।
कटऑफ अंक आयोग की वेबसाइट पर अपलोड कर दिए गए हैं, इसलिए आयोग प्राप्तांकों के संबंध में सूचना के अधिकार के तहत कोई प्रार्थनापत्र स्वीकार नहीं करेगा। वहीं, प्रारंभिक परीक्षा में क्वालीफाई करने वाले अभ्यर्थियों से मुख्य परीक्षा के लिए आवेदन मांगे गए हैं। मुख्य परीक्षा इलाहाबाद और लखनऊ के विभिन्न केंद्रों में आयोजित की जाएगी। आयोग के कैलेंडर में परीक्षा 10 से 20 सितंबर तक प्रस्तावित है। हालांकि, आयोग ने मुख्य परीक्षा की तिथि अभी घोषित नहीं की है। परीक्षा कार्यक्रम अलग से जारी किया जाएगा।
अभ्यर्थियों को मुख्य परीक्षा के लिए शुल्क आयोग की वेबसाइट पर ऑनलाइन जमा करना है। शुल्क जमा होने के बाद अभ्यर्थियों को फॉर्म सबमिट करके परंपरागत आवेदनपत्र, मुख्य परीक्षा से संबंधित आवश्यक अनुदेश एवं आयोग को प्रेषित करने के लिए पर्चा-पर्ची मुद्रित करनी होगी। मुद्रित किए गए परंपरागत आवेदन को पूर्णरूप से भरकर जरूरी अभिलेख संलग्न करते हुए लिफाफे पर मुद्रित पता पर्ची चस्पा करते हुए आवेदन पंजीकृत डाक के माध्यम से या सीधे आयोग के गेट नंबर-तीन पर स्थित डाक अनुभाग के काउंटर (पूछताछ काउंटर) पर उपलब्ध कराना होगा।