प्रधानाचार्य का रिजल्ट घोषित करने को घेरा चयन बोर्ड
2013 प्रधानाचार्य साक्षात्कार की तिथि घोषित नहीं हुई तो ठप होगा चयन बोर्ड का कामकाज
प्रधानाचार्य पद के लिए साक्षात्कार दे चुके अभ्यर्थियों ने चयन बोर्ड सचिव को सौंपा ज्ञापन
इलाहाबाद। उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा सेवा चयन बोर्ड में लंबित प्रधानाचार्य साक्षात्कार का परिणाम घोषित करने की मांग को लेकर शुक्रवार को अभ्यर्थियों ने चयन बोर्ड सचिव का घेराव कर उन्हें ज्ञापन सौंपा। अभ्यर्थियों का कहना है कि सात वर्ष पूर्व 2011 में विज्ञापित प्रधानाचार्य पदों के लिए साक्षात्कार के बाद परिणाम जारी नहीं हो रहा है। अभ्यर्थियों ने आरोप लगाया कि चयन बोर्ड की ओर से कोर्ट में लंबित मुकदमे की पैरवी ठीक से नहीं होने से परिणाम घोषित होने में देरी हो रही है। अभ्यर्थियों ने चेतावनी दी कि प्रधानाचार्य के पदों के लिए साक्षात्कार की तिथि घोषित नहीं हुई तो चयन बोर्ड का काम ठप कर देंगे।
2011 में विज्ञापित प्रधानाचार्य पदों के साक्षात्कार का परिणाम घोषित नहीं होने और 2013 में विज्ञापित पदों का साक्षात्कार शुरू नहीं होने से प्रदेश के 90 फीसदी माध्यमिक विद्यालय प्रधानाचार्य विहीन हैं। चयन बोर्ड अध्यक्ष का घेराव करने पहुंचे अभ्यर्थियों ने उनकी अनुपस्थिति में सचिव दिव्यकांत शुक्ल को ज्ञापन सौंपा। अभ्यर्थियों ने कहा कि वह मंगलवार को एक बार फिर से चयन बोर्ड अध्यक्ष का घेराव करेंगे। अभ्यर्थियों ने आरोप लगाया कि चयन बोर्ड के पुर्नगठन के बाद 2013 के प्रधानाचार्य के पदों के साक्षात्कार की तिथि घोषित नहीं हो रही है। अभ्यर्थियों का कहना था कि चयन बोर्ड के इस कदम से सरकार की छवि धूमिल हो रही है।
सचिव ने प्रधानाचार्य पद के अभ्यर्थियों को आश्वस्त किया कि चयन बोर्ड की ओर से कोर्ट में इस मामले की मजबूती से पैरवी करेगा। साथ ही उन्होंने यह भी बताया कि 2013 के प्रधानाचार्य पदों के लिए आए आवेदन पत्रों की स्क्रीनिंग चल रही है, जल्द ही साक्षात्कार की तिथि घोषित होगी। घेराव करने वालों में डॉ. निरंजन सिंह, डॉ. गार्गी श्रीवास्तव, डॉ. पवन कुमार तिवारी, डॉ. राजेश सिंह, डॉ. दुर्ग विजय सिंह, अरविंद वर्मा, डॉ. संतोष कुमार तिवारी, डॉ. जय प्रकाश वर्मा, डॉ. बृजराज यादव, डॉ.विनोद कुमार सिंह, डॉ. अर्चना मिश्रा, डॉ. हरिप्रकाश यादव, डॉ. शिवदत्त मिश्र, डॉ. अनंत तिवारी सहित बड़ी संख्या में अभ्यर्थी शामिल रहे।