सूखे से निपटने को डीएम ने शुरू की तैयारी
0 सिंचाई विभाग के अधिकारियों से कहा कि गांवों में जाकर सूखे की जानकारी जुटाएं
इलाहाबाद। जिले में सूखे की आशंका को देखते हुए जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों तथा सिंचाई विभाग से जुड़े सभी अधिकारियों को सजग रहने का निर्देश दिया है। उन्होंने गंगापार-यमुनापार के सभी गांवों में जाकर ब्लॉकवार संपर्क करने का निर्देश दिया। जिलाधिकारी संजय कुमार ने सिंचाई से जुड़ी समस्याओं एवं मांगों को एकत्र करके दो दिन में उनके सामने रखने को कहा है। डीएम ने यह निर्देश अधिशाषी अभियंता बाढ़ प्रखंड के अधिकारियों और सभी क्षेत्रों के लिफ्ट कैनाल संचालकों को दिया।
सीडीओ को निर्देश दिया कि वह संबधित बीडीओ के माध्यम से हर ब्लाक के काश्तकारों से मिलकर क्षेत्रीय समस्याओं का एवं सिंचाई संसाधनों के वास्तविक हाल का परीक्षण अपनी देखरेख में दो दिन के भीतर पूरा कराएं। नहरों में पानी की कमी का त्वरित समाधान कराने के लिए सिरसी बंधे से पानी छोड़ने के लिए उसी समय मुख्य अभियन्ता से फोन पर बात की तथा जिलाधिकारी मिर्जापुर से भी इस कार्य में तत्काल सहयोग मांगा। जिससे इलाहाबाद के किसानों को सूखे से बचाया जा सके। सिंचाई विभाग के अधिकारियों तथा सभी नहरों के लिफ्ट कैनाल संचालकों से अलग-अलग बात की तथा उन्हें निर्देशित किया कि पानी के स्तर वे कड़ाई से नजर रखे तथा उन्हें निरंतर सूचित करते रहे।
000
बक्शी बांध से मेला क्षेत्र तक हटाएं अतिक्रमण
समीक्षा बैठक के दौरान डीएम संजय कुमार ने दारागंज में बक्शी बांध से मेला क्षेत्र तक सभी अतिक्रमण तत्काल हटाने के निर्देश दिए। अधिशाषी अभियन्ता बाढ़ को नोडल अधिकारी बनाते हुए एसीएम प्रथम, सिटी मजिस्ट्रेट, एडीए और नगर निगम के अधिकारियों की एक समिति गठित कर दी है जो इस क्षेत्र के अतिक्रमण की समीक्षा करेगी। डीएम को साप्ताहिक प्रगति से उसकी फोटो के साथ अवगत कराते रहेेंगे। उन्होंने कहा कि दिव्य एवं भव्य अर्द्धकुंभ के आयोजन के लिए अधिकारियों को सतर्क रहना होगा।
000
दशहरे के पूर्व जनपद की सड़के होंगी गड्ढा मुक्त
डीएम ने दुर्गापूजा-दशहरा की तैयारियों का जायजा लिया। उन्होंने दुर्गा पूजा मूर्ति विसर्जन की व्यवस्था का निरीक्षण किया। नगरीय क्षेत्र में सभी सड़कों को 21 सितंबर तक गड्ढा मुक्त करने का निर्देश दिया। उन्होंने जिले के सभी एसडीएम को अपने क्षेत्र में मूर्ति स्थापना तथा दशहरे के आयोजन स्थलों पर कानून व्यवस्था तथा सुविधाओं का निरीक्षण करने का निर्देश दिया।