रीता जोशी ने की आशा बहुओं की हौसलाफजाई
0 प्रयाग संगीत समिति में भाजपा ने आशा बहुओं का किया सम्मान
अमर उजाला ब्यूरो
इलाहाबाद।
सूबे की कैबिनेट मंत्री डॉ. रीता बहुगुणा जोशी ने बृहस्पतिवार को प्रयाग संगीत समिति में आयोजित एक कार्यक्रम में आशा बहुओं की हौसलाफजाई की। उन्होंने कहा कि आशा बहुओं द्वारा किए गए कार्य का कोई मोल नहीं है। आंधी, तूफान, लू, तेज बारिश आदि में गांव के टेढ़े-मेढ़े रास्ते पर चलकर महिलाओं की तमाम समस्याओं का समाधान करती है। प्रसव के दौरान भी आशा बहुएं महिलाओं की मदद करने में पीछे नहीं हटतीं। डॉ. जोशी ने यह बात भाजपा की ओर से मनाए जा रहे पंडित दीनदयाल जन्म शताब्दी वर्ष के उपलक्ष्य में मातृत्व सेवा सम्मान समारोह में कही। इस दौरान उन्होंने आशा बहुओं को सम्मानित भी किया।
डॉ. जोशी ने कहा कि मनुष्य सेवा साक्षात ईश्वर की पूजा है। आशा बहुओं के कार्यों से समाज अभिभूत है। इस अवसर पर भाजपा की पूर्व नगर अध्यक्ष शशि वार्ष्णेय ने कहा कि आधुनिकता की दौड़ में आशा बहुओं का कार्य सराहनीय है। कार्यक्रम में मंडलायुक्त आशीष गोयल की पत्नी सलोनी अग्रवाल ने कहा कि जो दूसरों का हित करता है, प्रभु उसका हित सदैव करता है। संगीत समिति के प्रेक्षागृह में आशा बहुओं की ओर से लोकगीत एवं नाटक भी प्रस्तुत किया गया। इसके पूर्व कार्यक्रम की शुरुआत में डॉ. रीता जोशी, निवर्तमान महापौर अभिलाषा गुप्ता नंदी, सलोनी अग्रवाल, शशि वार्ष्णेय, सीएमओ इलाहाबाद की पत्नी कुमुद वर्मा आदि ने दीन दयाल उपाध्याय और डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर दीप प्रज्ज्वलित किया। कार्यक्रम में कुल 60 आशा बहुओं को सम्मानित किया गया। इस अवसर पर भाजपा नगर अध्यक्ष अवधेश चंद्र गुप्ता, ममता द्विवेदी, दीक्षा जायसवाल, शिखा रस्तोगी, डॉ. कमला सिंह, शोभिता श्रीवास्तव, प्रेमलता श्रीवास्तव, लता पांडे, अलका त्रिपाठी, दुर्गेश नंदिनी, अंजलि गोस्वामी, विजय लक्ष्मी पांडेय, संजय गुप्ता, पवन श्रीवास्तव, विशाल अग्रवाल आदि मौजूद रहे।