ईसीसी में अब होटल मैनेजमेंट की नई बिल्डिंग
प्लेसमेंट अच्छा होने से विस्तार का निर्णय, उद्घाटन आज
अमर उजाला ब्यूरो
इलाहाबाद।
यूइंग क्रिश्चियन कॉलेज (ईसीसी) में होटल मैनेजमेंट कोर्स के लिए नई बिल्डिंग का सोमवार को उद्घाटन होने जा रहा है। होटल मैनेजमेंट के छात्रों को अच्छा प्लेसमेंट मिल जाने से कॉलेज प्रशासन उत्साहित है और इसी के मद्देनजर विस्तार का निर्णय लिया गया है। बिल्डिंग का उद्घाटन 28 अगस्त को दोपहर दो बजे होगा।
ईसीसी में सेंटर फॉर होटल मैनेजमेंट के कोआर्डिनेटर डॉ. शीतला प्रसाद के अनुसार होटल मैनेजमेंट के पिछले दो बैचों के परिणाम काफी उत्साहजनक रहे हैं। बैच में तकरीबन 50 छात्र थे, जिनमें से 80 फीसदी को प्लेसमेंट मिल गया। इस बार छात्रों की संख्या बढ़कर 52 हो गई है। कोर्स की डिमांड को देखते हुए महाविद्यालय प्रशासन ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यक्रम विजन एवं मिशन ऑफ स्किल इंडिया के मद्देनजर कॉलेज बिल्डिंग के एक हिस्से का जीर्णोद्धार कराया है। छात्रों की सहूलियत के लिए कोर्स के तहत किचन के निर्माण पर काफी पैसा खर्च किया गया है। उद्घाटन के मौके पर इलाहाबाद के कई बड़े होटलों के प्रतिनिधि भी मौजूद रहेंगे।