प्रतापगढ़। शहर के बाबागंज में मार्केट पर कब्जे को लेकर रात भर हाईवोल्टेज ड्रामा चला। मार्केट की दुकान पर कब्जे को लेकर हंगामा होता रहा। मौके पर पहुुंची पुलिस ने माथापच्ची के बाद मार्केट में ताला बंद करा दिया। दिन में दुकान पर कब्जा दिलाने को लेकर फिर हंगामा होने लगा। बवाल की आशंका में पुलिस तैनात है। इस मामले में नगर कोतवाली में धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज कराया गया है।
नगर कोतवाली के बाबागंज में स्थित इंद्रप्रस्थ मार्केट को लेकर काफी दिनों से विवाद चला आ रहा है। दुकान का दुबारा इं. आशुतोष पांडेय से बैनामा कराने के मामले में भाजपा नेता संतोष मिश्रा ने आप नेता अनाम समेत अन्य लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। इंद्रप्रस्थ मार्केट में ही अनाम के बेटे अफहम ने दुकान किराए पर लेकर 9 सालों से कपड़े की दुकान खोल रखी है। अफहम का आरोप है कि उसका भाई अकसम अपने दोस्त सैयद मसनून के साथ दूध लेने के लिए रात में स्टेशन जा रहा था। शोरूम के बाहर बड़ी संख्या में लोगों को देखा। जिसके बाद रुक गया। आरोप है कि वह दुकान से कपड़े व सामान निकाल रहे लोगों को रोका लेकिन वे उसे मारने के लिए दौड़ा लिए। घटना की सूचना मिलने पर रात में ही पुलिस पहुंच गई। दुकान से कीमती सामान व नगद रुपये लूट ले गए थे। रात दो बजे तक प्रकरण को लेकर हाईवोल्टेज ड्रामा चलता रहा। मौके पर पहुंचे सीओ सिटी ने मार्केट में ताला बंद कराने के बाद चले गए। दो सिपाही तैनात कर दिए गए। मंगलवार की सुबह फिर सीओ सिटी और प्रभारी कोतवाल दलबल के साथ पहुंचे। मार्केट में ताला बंद होने से लोग बाहर थे। मामले की जानकारी करने के बाद सीओ सिटी ने दोनों पक्षों को शांति बरतने की हिदायत दी। बवाल की आशंका को देखते हुए मार्केट के बाहर पुलिस तैनात है। प्रभारी कोतवाल ने बताया कि दोनों पक्षों ने तहरीर दी है। भाजपा नेता संतोष मिश्र ने पहले आप नेता व उनके परिवार के लोगों पर धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज कराया है। मामले की जांच की जा रही है। कानून को हाथ में लेने वाले के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
बाबागंज में मार्केट को लेकर हाईवोल्टेज ड्रामा
कब्जे को लेकर होता रहा हंगामा, पुलिस ने मार्केट में बंद कराया ताला
सीओ सिटी व कोतवाली पुलिस करती रही माथापच्ची
अमर उजाला ब्यूरो