प्रोग्रामर श्रेणी-2/कंप्यूटर ऑपरेटर ग्रेड-बी/प्रबंधक (सिस्टम) परीक्षा-2021 के तहत प्रबंधक (सिस्टम) के एक पद के लिए 2129 अभ्यर्थियों ने दावेदारी की और इसके बावजूद पद रिक्त रह गया। उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग की ओर से प्रबंधक (सिस्टम) के एक पद पर भर्ती के लिए लिखित परीक्षा 25 मई 2022 को आयोजित की गई थी। लिखित परीक्षा के लिए 2129 अभ्यर्थी पंजीकृत थे, जिनमें से 725 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल हुए थे। आयोग ने एक अगस्त 2022 को लिखित परीक्षा का परिणाम घोषित किया था और तीन अभ्यर्थी साक्षात्कार में शामिल होने के लिए सफल घोषित किए गए थे।
सफल अभ्यर्थियों का साक्षात्कार 30 अगस्त को आयोजित किया गया, जिनमें से दो अभ्यर्थी शामिल हुए। हालांकि, दोनों ही अभ्यर्थियों के पास पद की अनिवार्य अर्हता (कंप्यूटर एप्लीकेशन में स्नातक) नहीं थी, जिसके कारण आयोग ने उनके अभ्यर्थन निरस्त कर दिए। आयोग के सचिव आलोक कुमार के अनुसार पद के सापेक्ष कोई भी अभ्यर्थी साक्षात्कार के लिए उपयुक्त नहीं पाया गया।