मेन- बेल्हा के पूर्व वायु सैनिक ने रचा इतिहास
लालगंज के विनोद को पीसीएस में दूसरा स्थान, पीसीएस जे में मिला था तीसरा स्थान
वर्तमान में कौशाम्बी में न्यायिक अधिकारी के रूप में हैं कार्यरत
1997 से 2016 तक एयरफोर्स में की नौकरी, सार्जेंट पद पर रहते हुए लिया वीआरएस
अमर उजाला ब्यूरो
प्रतापगढ़। बेल्हा की ऊर्जावान माटी ने एक बार फिर अपना लोहा मनवाया है। जिले के लालगंज इलाके के रामगढ़ रैला गांव के रहने वाले विनोद कुमार पांडेय ने पीसीएस 2016 की परीक्षा में दूसरा स्थान हासिल कर इतिहास रच दिया है। वर्तमान में कौशाम्बी में न्यायिक अधिकारी के रूप में तैनात विनोद ने 2016 की पीसीएस जे की परीक्षा में तीसरा स्थान हासिल किया था। वे एयरफोर्स में भी लंबे समय तक सेवाएं दे चुके हैं।
लालगंज कोतवाली के रामगढ़ रैला गांव के रहने वाले विनोद कुमार पांडेय की प्राथमिक शिक्षा गांव स्थित प्राथमिक विद्यालय से हुई। उन्होंने गांव में ही पांचवीं तक पढ़ाई की। 1993 में उन्होंने अवधेश विद्या निकेतन लालगंज से प्रथम श्रेणी में हाईस्कूल की परीक्षा पास की। 1995 में बीडी दूबे इंटर मीडिएट कालेज पहाड़पुर से प्रथम श्रेणी में बारहवीं की परीक्षा पास की। 1997 में एयरफोर्स में उनका वायुसैनिक के रूप में चयन हो गया। 2016 तक विनोद ने एयरफोर्स में नौकरी की। नौकरी के दौरान ही उन्होंने ग्रेजुएशन, एलएलबी और एलएलएम किया। सार्जेंट पद पर रहते हुए 2016 में ही उनका चयन पीसीएस जे में हो गया। उन्हें इस परीक्षा में भी तीसरा स्थान मिला था, जिस पर उन्होंने एयरफोर्स से वीआरएस ले लिया था। वर्तमान में वह कौशाम्बी में सिविल जज के रूप में तैनात हैं। इन दिनों ट्रेनिंग के लिए लखनऊ गए हैं।
कभी नहीं की कोचिंग
पीसीएस परीक्षा में दूसरा स्थान हासिल करने वाले विनोद कुमार पांडेय की शुरुआती शिक्षा-दीक्षा गांव में स्थित प्राथमिक स्कूल से हुई। बारहवीं तक की पढ़ाई भी उन्होंने लालगंज जैसे ग्रामीण इलाके से ही की। इसके बाद वह एयरफोर्स में भर्ती हो गए। नौकरी के दौरान वह प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी भी करते रहे। विनोद ने कभी कोचिंग का सहारा नहीं लिया। अपनी मेहनत और लगन के बल पर ही उन्होंने 2016 में पीसीएस जे की परीक्षा में तीसरा स्थान हासिल किया और सिविल जज बन गए।
कड़ी मेहनत लगातार प्रयास जरूरी
विनोद कहते हैं कि सफलता के लिए कोचिंग जरूरी नहीं है। कड़ी मेहनत और लगातार प्रयत्न कर मुश्किल से मुश्किल लक्ष्य भी आसानी से हासिल किया जा सकता है। किसी भी क्षेत्र में सफलता के लिए यह जरूरी है।
लालगंज पोस्टआफिस में एजेंट हैं पिता
पीसीएस 2016 की परीक्षा में दूसरा स्थान हासिल करने वाले विनोद कुमार पांडेय के पिता सूर्यप्रसाद पांडेय लालगंज पोस्ट आफिस में एजेंट हैं। माता लीलावती देवी गृहणी हैं। माता-पिता के इकलौते बेटे विनोद की दो बहनों की शादी हो चुकी है। विनोद की पत्नी रेखा पांडेय भी गृहणी हैं। उनकी दो बेटियां हैं। परिवार प्रयागराज के शांतिपुरम में रहता है।
फिर दिखी लालगंज की मेधा
हाल के कुछ वर्षों में जिले के लालगंज इलाके के छात्र-छात्राओं ने बड़ी सफलताएं अर्जित कर अपनी मेधा का लोहा मनवाया है। विनोद से पहले इटौरी गांव के तीन भाई बहन आईएएस और आईपीएस बने थे। सांगीपुर और राकी गांव से भी दो मेधावी आईएएस बने। रेहुआ लालगंज के मजदूर के दो बेटों का चयन आईआईटी में हुआ था।