पश्चिमशरीरा। सरसवां विकास खंड के रक्सौली गांव स्थित प्राथमिक विद्यालय में शनिवार को प्रधान के बेटे ने स्कूल में घुसकर हेड मास्टर के साथ मारपीट की। स्कूल के अभिलेख भी फाड़ डाले। मामले की तहरीर दोनों पक्षों की तरफ से पश्चिमशरीरा कोतवाली में दी गई है।
प्राथमिक विद्यालय रक्सौली में कमलेश कुमार प्रधानाध्यापक हैं। पुलिस को दी तहरीर में कमलेश ने बताया कि शनिवार को वह स्कूल में शिक्षण कार्य कर रहे थे। रसोइयां को मीनू के हिसाब से खाना बनाने के लिए कहा गया। आरोप है कि इसी दौरान प्रधान रामभवन का बेटा शोभानाथ स्कूल आ धमका। उसने हेडमास्टर के साथ मारपीट व गाली-गलौच की। यह सब बच्चों के सामने किया गया। शोभानाथ ने एमडीएम रजिस्टर, लॉगबुक और हाजिरी रजिस्टर को भी फाड़ डाला। जाते वक्त शोभानाथ ने हेडमास्टर को धमकी दी। मामले की तहरीर पुलिस को दी गई ह्रै।
हेडमास्टर का कहना है कि प्रधान का बेटा इससे पहले ही उनके साथ बदसलूकी कर चुका है। मामले की शिकायत एबीएसए सरसवां से की गई थी। उस दौरान प्रधान के बेटे पर कोई कार्रवाई नहीं हुई। इससे वह मनबढ़ हो गया है। कमलेश ने अपने पिटाई का मुद्दा संगठन के सामने पेश करने को कहा है। वहीं, थानाध्यक्ष पश्चिमशरीरा संजय गुप्ता का कहना है कि मामले दोनों पक्ष से तहरीर मिली है। क्रॉस केस दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।