कटड़ा तक चले उधमपुर, इलाहाबाद रुके अगरतला राजधानी
0 सांसद श्यामा चरण गुप्ता ने रेलमंत्री पीयूष गोयल को सौंपा ज्ञापन
0 यूपी संपर्क क्रांति को मानिकपुर की बजाय छिवकी से चलाने की मांग
इलाहाबाद। इलाहाबाद से उधमपुर तक जाने वाली उधमपुर एक्सप्रेस को श्री माता वैष्णो देवी कटड़ा तक चलाने की मांग रेल मंत्री तक पहुंच गई है। इलाहाबाद के सांसद श्यामा चरण गुप्ता ने रेलमंत्री पीयूष गोयल से इस संबंध में बातचीत कर इलाहाबाद-उधमपुर एक्सप्रेस को श्रीमाता वैष्णो देवी कटड़ा रेलवे स्टेशन तक चलाने की मांग की है। उन्होंने रेलमंत्री को इस आशय का एक ज्ञापन भी सौंपा है।
सांसद के अनुसार इसी वर्ष इलाहाबाद से उधमपुर के लिए सीधी ट्रेन शुरू की गई है। उधमपुर से श्रीमाता वैष्णो देवी कटड़ा स्टेशन की दूरी मात्र 25 किलोमीटर ही है। इसलिए इलाहाबाद-उधमपुर एक्सप्रेस का विस्तार कटड़ा तक कर दिया जाए। इससे वैष्णो देवी जाने वाले यात्रियों को सहूलियत मिलेगी। सांसद श्यामा चरण ने रेलमंत्री पीयूष गोयल से हजरत निजामुद्दीन से मानिकपुर तक आने वाली (गाड़ी संख्या 12447/12448) यूपी संपर्क क्रांति एक्सप्रेस का विस्तार इलाहाबाद छिवकी तक किए जाने का भी आग्रह किया है। उनका तर्क है कि इस ट्रेन का छिवकी तक विस्तार हो जाने से यमुनापार शंकरगढ़, जसरा आदि स्थानों में रहने वाले लोगों को हजरत निजामुद्दीन (दिल्ली) के साथ झांसी, आगरा, मथुरा के लिए भी एक सीधी ट्रेन मिल जाएगी। सांसद ने अभी हाल ही में शुरू हुई अगरतला-आनंद विहार राजधानी एक्सप्रेस (गाड़ी संख्या 20501/20502) का ठहराव इलाहाबाद जंक्शन तक किए जाने की भी मांग की है। बता दें कि अगरतला राजधानी एक्सप्रेस का ठहराव मुगलसराय के बाद सीधे कानपुर सेंट्रल में ही है। सांसद के मीडिया प्रभारी रजनीकांत श्रीवास्तव के अनुसार रेलमंत्री ने सभी मांगों पर उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया है।