इलाहाबाद (ब्यूरो)। इलाहाबाद में रिवर फ्रंट डेवलपमेंट की योजना तेजी से परवान चढ़ रही है। इलाहाबाद विकास प्राधिकरण (एडीए) के अफसर इसी अमली जामा पहनाने के लिए जी जीन से जुटे हैं। सात चरणों की योजना के पहले चरण में नए यमुना पुल से बोट क्लब तक रिवर फ्रंट डेवलपमेंट के लिए सर्वे का काम रफ्तार पकड़ चुका है। अगले कुछ दिनों में कॉन्सेप्ट प्लान और डीपीआर भी तैयार होने की उम्मीद है। पहले चरण के काम में तकरीबन 20 करोड़ रुपये लागत आने का अनुमान है।
केंद्र सरकार ने एडीए अफसरों को रिवर फ्रंट डेवलपमेंट का कॉन्सेप्ट प्लान पहले भेजने का निर्देश दिया था। पिछले महीने दिल्ली में हुई बैठक में अफसरों से कहा गया था कि पहले चरण की योजना का कॉन्सेप्ट प्लान दिसंबर तक और डीपीआर जनवरी तक हर हाल में भेजा जाए। केंद्र इसके लिए तत्काल रकम भी जारी करेगा। एडीए ने पहले चरण में नए यमुना पुल से बोट क्लब तक चार सौ मीटर रिवर फ्रंट डेवलपमेंट की योजना बनाई। तुरंत की इसका सर्वे शुरू हो गया। रिवर फ्रंट डेवलपमेंट के तहत यहां पक्का घाट, वॉकिंग जोन, पिकनिक स्पॉट आदि बनाए जाएंगे। सर्वे का काम अगले दो-तीन दिन में पूरा होने की उम्मीद है।
इसके बाद कॉन्सेप्ट प्लान और डीपीआर बनाने का काम शुरू होगा। एडीए ने यह दोनों काम दिल्ली की एक कंपनी से कराएगा। एक्सईएन आरडी राय के मुताबिक कंपनी के प्रतिनिधि अगले कुछ दिनों में यहां आ रहे हैं। कॉन्सेप्ट प्लान के साथ ही डीपीआर भी तैयार कर स्वीकृति के लिए केंद्र सरकार को भेजा जाएगा।