उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग की पीसीएस-2016 के अभ्यर्थियों ने मुख्य परीक्षा जून के बजाय सितंबर में कराने की मांग की है। प्रतियोगियों ने मंगलवार को आयोग में ज्ञापन भी साैंपा। वे मुख्य परीक्षा के लिए न्यूनतम 60 दिन का समय दिए जाने की मांग कर रहे थे।
आयोग ने 24 जून से मुख्य परीक्षा कराने की घोषणा की है। जबकि, अभी तक प्रारंभिक परीक्षा का परिणाम नहीं आया है। प्रतियोगियों का कहना था कि प्रारंभिक परीक्षा का रिजल्ट निकलने के बाद मुख्य परीक्षा की तैयारी के लिए उन्हें न्यूनतम 60 दिन मिलना चाहिए। उनका यह भी कहना था रमजान महीने को ध्यान में रखकर भी जून में परीक्षा नहीं कराई जानी चाहिए। प्रतियोगियों का यह भी कहना था कि बिहार पीसीएस की मुख्य परीक्षा 15 जुलाई से है।
इसके अलावा सिविल सेवा-2016 प्रारंभिक परीक्षा सात अगस्त को है। इसलिए मानवीय आधार पर इन परीक्षाओं को ध्यान में रखकर पीसीएस मुख्य परीक्षा सितंबर में कराया जाए। प्रतियोगियों की ओर से बुधवार को फैक्स के माध्यम से राज्यपाल को भी ज्ञापन भेजकर परीक्षा टालने की मांग की जाएगी। ज्ञापन साैंपने वालों में मेराज अहमद, जमाल, मुहम्मद अकील, मुहम्मद शहीद, नदीम अख्तर, यासिर अहमद, विक्की खान, सचिन पटेल, दीपक चौहान, अवनीश पांडेय, अशोक पांडेय आदि शामिल रहे।