‘अडाप्टेशन’ का सही जवाब है ‘अनुकूलन’
0 हाईकोर्ट ने कहा अभ्यर्थी को दिए जाएं पूरे अंक, सहायक अध्यापक भर्ती मामला
प्रयागराज। हाईकोर्ट ने 68500 सहायक अध्यापक भर्ती में बी सीरीज के 14वें प्रश्न के जवाब में विशेषज्ञों की राय को खारिज कर दिया है। कोर्ट ने कहा कि इस प्रश्न में पूछे गए शब्द अडाप्टेशन शब्द का हिंदी अनुवाद अनुकूलन सही है, जबकि विशेषज्ञों ने इसे सही नहीं माना था। कोर्ट ने सचिव परीक्षा नियामक प्राधिकारी को निर्देश दिया है कि याची द्वारा दिए गए उत्तर को सही मानते हुए 15 दिन के भीतर पुनरीक्षित परिणाम घोषित किया जाए।
जौनपुर के गौरीशंकर यादव की याचिका पर सुनवाई कर रही न्यायमूर्ति सुनीता अग्रवाल ने यह आदेश दिया है। इससे पूर्व कोर्ट ने सचिव से विशेषज्ञ की राय लेकर अदालत को अवगत कराने के लिए कहा था। विशेषज्ञ ने अनुकूलन को सही नहीं माना उनकी राय में वातावरण के साथ सामंजस्य अंग्रेजी शब्द अडाप्टेशन का सही हिंदी अनुवाद है। कोर्ट ने वेब्सटर्स शब्द कोष के हवाले से कहा कि अडाप्टेशन नाउन यानी संज्ञा है और इसका हिंदी अनुवाद अनुकूलन सही है। याची को यह जवाब देने के कारण शून्य अंक दिए गए हैं। कोर्ट ने परिणाम संशोधित कर नए सिरे से जारी करने का आदेश दिया है।