प्रयागराज। उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (यूपीपीएससी) पीसीएस-2016 का अंतिम चयन परिणाम फरवरी में जारी करने की तैयारी में है। अभ्यर्थियों को तकरीबन तीन साल से इस भर्ती के पूरी होने का इंतजार है। पीसीएस-2016 कर इंटरव्यू 24 जनवरी को पूरा हो जाएगा और इसके बाद अंतिम चयन परिणाम तैयार करने की प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी, जिसमें 20 से 25 दिन का वक्त लग सकता है।
पीसीएस-2016 की प्रारंभिक 633 पदों के लिए 20 मार्च 2016 को आयोजित की गई थी और 27 मई को प्रारंभिक परीक्षा का परिणाम भी घोषित कर दिया गया था। इसमें 14615 अभ्यर्थियों को सफल घोषित किया गया था। मुख्य परीक्षा वर्ष 2016 में 20 सितंबर से पांच अक्तूबर तक आयोजित की गई थी। इसमें 12897 अभ्यर्थी शामिल हुए थे। इस बीच प्रारंभिक परीक्षा में प्रश्नों के विवाद का मामला हाईकोर्ट चला गया। दिसंबर 2016 में हाईकोर्ट ने परिणाम संशोधित करने का आदेश दिया। आयोग ने इस आदेश को चुनौती देते हुए सुप्रीमकोर्ट में एसएलपी दाखिल कर दी और 2017 की शुरुआत में अयोग को स्टे मिल गया।
इसके बाद मुख्य परीक्षा की कॉपियां जांचने का काम शुरू कर दिया गया। कॉपियां जांचने का काम दो साल तक चला। इसके बाद आयोग ने 16 नवंबर 2018 को मुख्य परीक्षा का परिणाम घोषित किया, जिसमें 1993 अभ्यर्थियों को सफल घोषित किया गया। पीसीएस-2016 का इंटरव्यू 10 दिसंबर से शुरू हुआ। 24 जनवरी को इंटरव्यू समाप्त हो जाएगा। आयोग फरवरी के मध्य तक अंतिम चयन परिणाम घोषित कर सकता है।