00
छावनी बसाने नगर पहुंचा
बड़ा उदासीन का रमता पंच
0 कौशाम्बी के कुटिया गांव से आकर पथरचट्टी रामलीला मैदान में डाला डेरा
प्रयागराज। संगम की रेती पर बनी छावनी बसाने और धर्म की ध्वजा फहराने के लिए पंचायती अखाड़ा बड़ा उदासीन के संत सोमवार को नगर पहुंचे। नगर प्रवेश के तहत अखाड़े का रमता पंच कौशाम्बी के कुटिया गांव से चला। संतों के काफिले ने मेडिकल कॉलेज चौराहे से होकर रामबाग स्थित पथरचट्टी रामलीला मैदान पहुंचकर डेरा डाला।
रमता पंच के साथ अखाड़े के आराध्य भगवान श्रीचंद्र जी का मंदिर भी लाया और रामबाग मैदान पर स्थापित किया गया। परंपरा के मुताबिक रमता पंच ने आरती पूजन किया। रमता पंच की अगुवाई पश्चिम पद्धत के श्रीमहंत रघुमुनि जी महाराज, दक्षिण पद्धत के श्रीमहंत दुर्गादास जी महाराज, पूर्व पद्धत के महंत अद्वैत्तानंद जी महाराज ने की।
रामबाग मैदान पहुंचने पर सचिव महंत अग्रदास, संयुक्त सचिव महंत व्यास मुनि, कोठारी महंत शिवानंद जी,कारबारी महंत राममुनि, महंत बंशीदास, महंत डॉ.लक्ष्मण दास, जमालपुर, बिहार के महंत डॉ.मनोहर दास आदि ने रमता पंच का स्वागत किया।
00 बॉक्स
रेती पर आज लहराएगी धर्मध्वजा
पंचायती अखाड़ा बड़ा उदासीन के मेला प्रबंधक और उत्तर पद्धत के श्रीमहंत महेश्वर दास की देखरेख में मंगलवार को अखाड़े की छावनी में सुबह साढ़े आठ बजे धर्मध्वजा स्थापना की जाएगी। संयुक्त सचिव महंत व्यास मुनि के मुताबिक 11 जनवरी को अखाड़े की पेशवाई धूमधाम से निकलेगी।