प्रशासन ने स्वास्थ्य विभाग और नगर निगम से मंगलवार को एक बार फिर जमातियों के ठहरने वाले स्थानों के साथ अब्दुल्ला मस्जिद और सभी 19 क्वारंटीन सेंटरों को सैनिटाइज कराया। वहीं महापौर ने अपने निर्देशन में अटाला से मीरापुर तक सैनिटाइजेशन का काम कराया।
महापौर अभिलाषा गुप्ता नंदी दस्ते के आगे अफसरों के साथ खुद चल रही थीं। लोगों से घरों में ही रहने की अपील करते हुए सैनिटाइजेशन के लिए दरवाजे बंद करने को भी कहा। दो बड़ी और एक छोटी गाड़ी से अटाला चौराहे से मीरापुर पुलिस चौकी, सब्जी मंडी, ललिता देवी मंदिर ढाल, अतरसुइया, कोतवाली, जामा मस्जिद, लोकनाथ, गुड़ की मंडी, बताशा मंडी, बहादुरगंज, मनोकामना शिव मंदिर तक सैनिटाइजेशन का काम कराया गया। सैनिटाइजेशन में पार्षद साहिल अरोरा, नीरज टंडन, यासमीन सिद्दीकी, जीएम जलकल हरिश्चंद्र बाल्मीकि, नगर स्वास्थ्य अधिकारी उत्तम वर्मा, मनोज श्रीवास्तव, गौरव मिश्रा, विवेक साहू, मनोज गुप्ता के साथ नगर निगम और जलकल के कर्मचारी मौजूद रहे।