प्रयागराज। अमर उजाला फाउंडेशन और आयेंद्र फाउंडेशन की ओर से टैगोर टाउन में वंशी भवन के पास रविवार को आयोजित नि:शुल्क स्वास्थ्य शिविर में 227 मरीजों की हेपेटाइटिस बी और सी की जांच की गई जबकि 188 को हेपेटाइटिस बी का टीका लगाया गया।
शिविर में पहुंचे आईएलबीएस, नई दिल्ली के फाउंडर चेयरमैन डॉ.शिव कुमार सरीन ने हेपेटाइटिस बी और सी के उन्मूलन के लिए चलाए जा रहे राष्ट्रीय कार्यक्रम की जानकारी दी। आर्येंद्र फाउंडेशन के संस्थापक डॉ.आलोक मिश्रा ने लोगों को लिवर रोग के बारे में बताया। कहा, श्रम की कमी और अनियमित दिनचर्या, पेट ओर गैस रोग का कारण है। सावधानी बरतकर लिवर के रोगों से बचा जा सकता है। शिविर में डॉ.अल्पना शर्मा ने खानपान, नियमित दिनचर्या के बारे में बताया। शिविर में हेमराज सिंह, विशाल शर्मा, अनिल मिश्रा, अतुल मिश्रा आदि मौजूद थे।