केबल मरम्मत में लगी दो टीमें, आज बहाल हो सकती है संचार सेवा
इलाहाबाद। कालिंदीपुर में कटी भारत संचार निगम लिमिटेड की फाइबर ऑप्टिकल केबल मंगलवार को भी नहीं जोड़ी जा सकी। दो दिन से ठप पड़ी इस संचार लाइन की मरम्मत के लिए नादर्न टेलीकॉम रीजन और बीएसएनएल इलाहाबाद की दो टीमें लगाई गई हैं। देर रात तक केबल जोड़ने के लिए काम चलता रहा, लेकिन सफलता नहीं मिल सकी। बीएसएनएल के अफसरों ने बुधवार तक संचार सेवा बहाल कर लेने का दावा किया है।
गंगा प्रदूषण नियंत्रण इकाई की ओर से कालिंदीपुरम में पाइप लाइन बिछाने के दौरान दो जगहों पर केबल कटने से कौशांबी और सीमावर्ती इलाहाबाद के कई इलाकों की संचार सेवा ध्वस्त हो गई है। इससे इलाहाबाद और कौशांबी के 62 हजार से अधिक लैंड लाइन फोन, मोबाइल बंद हो गए हैं। कौशांबी के 67 बीटीएस मोबाइल एक्सचेंज टॉवर, 42 लीज लाइनें ठप पड़ने से ब्राडबैंड कनेक्टिविटी पूर्णतया बंद हो गई है। राजरूपपुर और कालिंदीपुरम में भी एक हजार से अधिक लैंड लाइन फोन बंद पड़े हैं। बीएसएनएल के पीआरओ एसबी उपाध्याय ने बताया कि बुधवार तक हर हाल में केबल की मरम्मत पूरी कर संचार सेवा बहाल कर ली जाएगी।